यूपी का कुख्यात बदमाश अहसान सहारनपुर में ढ़ेर, इंस्पेक्टर-सिपाही को भी लगीं गोलियां

सहारनपुर के सरसावा क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश एहसान मारा गया। एनकाउंटर में इंस्पेक्टर और एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हुए हैं। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस सर्च ऑपरेशन चला रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 29 May 2026, 5:16 PM IST

Saharanpur: सहारनपुर में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश एहसान ढेर हो गया। सरसावा-चिलकाना मार्ग पर डूमवाला गांव के पास हुई इस मुठभेड़ में दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलीं, जिससे पूरा इलाका गोलियों की आवाज से दहल उठा। एनकाउंटर के दौरान थाना प्रभारी और एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि बदमाश का साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

चेकिंग अभियान के दौरान हुआ आमना-सामना

जानकारी के मुताबिक थाना सरसावा क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली थी कि दो बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में घूम रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने पिलखनी और डूमवाला गांव के बीच संयुक्त चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस टीम का सामना बाइक सवार बदमाशों से हो गया।

सहारनपुर में 4 बच्चों के पिता और 2 बच्चों की मां का प्यार बना बवाल, धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

खुद को घिरता देख बदमाशों ने शुरू की फायरिंग

पुलिस के अनुसार जब बदमाशों ने खुद को घिरता देखा तो उन्होंने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला और दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं।

एक लाख का इनामी एहसान ढेर

मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से एहसान पुत्र रियासत निवासी गांव कपूरी, थाना नकुड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि एहसान के सीने और पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एहसान पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह कई आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था।

सहारनपुर में मंदिर के पुजारी पर मासूम बच्ची से अश्लील हरकत का आरोप, ग्रामीणों ने पकड़कर पीटा

इंस्पेक्टर और सिपाही भी घायल

एनकाउंटर के दौरान सरसावा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवेश शर्मा के बाएं हाथ में दो गोलियां लगीं। वहीं हेड कांस्टेबल सोनू भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।

एक बदमाश फरार

मुठभेड़ के दौरान बदमाश का एक साथी मौके से भागने में सफल रहा। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में लगातार दबिश दी जा रही है।

Location :  Saharanpur

Published :  29 May 2026, 5:16 PM IST