
वायरल वीडियो ने खड़े किए थे कई सवाल (IMG: Dynamite News)
Maharajganj: जिस जगह पर पुलिस से कानून-व्यवस्था संभालने और फरियादियों की शिकायत सुनने की उम्मीद की जाती है, अगर उसी पुलिस चौकी के परिसर में बर्थडे का केक कटता दिखाई दे तो सवाल उठना लाजिमी है। महराजगंज के अड्डा बाजार पुलिस चौकी से सामने आए ऐसे ही वायरल वीडियो ने पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए थे। वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया और पुलिस चौकी परिसर में निजी आयोजन को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
दरअसल, अड्डा बाजार पुलिस चौकी परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में एक युवक चौकी परिसर में केक काटकर अपना जन्मदिन मनाता हुआ दिखाई दे रहा था। वीडियो में चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी और दरोगा भी नजर आ रहे थे। यही वजह रही कि वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई कि आखिर पुलिस चौकी जैसे सरकारी और संवेदनशील परिसर में किसी निजी व्यक्ति को जन्मदिन मनाने की इजाजत कैसे मिली।
महराजगंज में पुलिस चौकी बनी जश्न का अड्डा, केक काटकर मनाया युवक का बर्थडे, अब होगा एक्शन!
मामला सामने आने के बाद डाइनामाइट न्यूज ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर में वायरल वीडियो और उससे जुड़े सवालों को सामने रखा गया था। खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और अब तीन पुलिसकर्मियों के निलंबन की कार्रवाई सामने आई है।
अब इस पूरे मामले की जांच निचलौल क्षेत्राधिकारी को सौंपी गई है। जांच में कई अहम सवालों के जवाब तलाशे जाएंगे। सबसे पहले यह पता लगाया जाएगा कि वायरल वीडियो आखिर कब का है और उस दिन चौकी परिसर में वास्तव में क्या हुआ था। इसके अलावा यह भी जांच का हिस्सा होगा कि युवक को पुलिस चौकी परिसर में जन्मदिन मनाने की अनुमति किसने दी थी। आयोजन के समय चौकी पर कौन-कौन से पुलिसकर्मी मौजूद थे और वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिसकर्मियों की इसमें क्या भूमिका थी, इसकी भी पड़ताल की जाएगी।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर अड्डा बाजार चौकी इंचार्ज अखिलेश यादव ने डाइनामाइट न्यूज को अपनी सफाई दी थी। उनका कहना था कि चौकी परिसर में जन्माष्टमी का पर्व मनाया जा रहा था। इसी दौरान खैराटी निवासी एक युवक वहां पहुंचा और अनुरोध करते हुए अपना जन्मदिन का केक कटवा लिया। चौकी इंचार्ज ने यह भी कहा था कि वह इस तरह के निजी आयोजनों से खुद को दूर रखते हैं। हालांकि, वीडियो सामने आने और उसमें पुलिसकर्मियों के दिखाई देने के बाद मामला सवालों के घेरे में आ गया था।
महराजगंज में पहले शादी का झांसा, फिर मुकरा युवक! युवती ने खोला राज, दो सगे भाइयों पर दर्ज हुआ केस
इस मामले को लेकर CO नौतनवा बसंत सिंह ने भी वायरल वीडियो देखे जाने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि वीडियो कब का है और किन परिस्थितियों में पुलिस चौकी परिसर में जन्मदिन मनाया गया, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। उस समय विभाग की ओर से जांच की बात कही गई थी, लेकिन अब कार्रवाई के तौर पर तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और जांच की जिम्मेदारी निचलौल CO को दी गई है।
फिलहाल इस मामले में सबसे ज्यादा नजर जांच रिपोर्ट पर है। जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि चौकी परिसर में जन्मदिन मनाने की अनुमति किन परिस्थितियों में दी गई थी और आयोजन के दौरान पुलिसकर्मियों की भूमिका क्या थी।
Location : Maharajganj
Published : 6 September 2026, 4:58 PM IST