
एनकाउंटर के बाद गाजीपुर में बवाल
Ghazipur: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में होटल व्यवसायी विनीत राय हत्याकांड के बाद हालात बेकाबू हो गए। पुलिस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी की मौत के बाद जब उसका शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा था, तभी माहौल अचानक हिंसक हो गया। फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास भीड़ ने पुलिस पर जमकर पथराव कर दिया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह पूरा मामला गाजीपुर जिले से जुड़ा है, जहां 29 मई की रात होटल कारोबारी आलोक राय के बेटे विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक लाख के इनामी आरोपी कमलेश चौधरी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शव को पहले घर की महिलाओं ने उठाया और बाद में पिकअप वैन में रखकर श्मशान घाट ले जाया जा रहा था। सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी मौजूद था। लेकिन जैसे ही शव यात्रा फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, करीब 400-500 लोगों की भीड़ ने रास्ता रोक दिया। भीड़ ने शव को नीचे उतारकर सड़क पर रख दिया और फर्जी एनकाउंटर का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया।
स्थिति संभालने पहुंची पुलिस टीम पर अचानक पथराव शुरू हो गया। भीड़ ने चारों तरफ से हमला कर दिया, जिससे पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा। इस हिंसा में सीओ शेखर सेंगर का सिर फट गया और वे खून से लथपथ हो गए। कई अन्य पुलिसकर्मी, जिनमें थानाध्यक्ष और महिला सिपाही भी शामिल हैं, घायल हो गए। कुछ जवानों ने पास की इमारत में छिपकर अपनी जान बचाई।
स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर श्मशान घाट पहुंचाया, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के बड़े भाई ने मुखाग्नि दी, जबकि अंतिम संस्कार में बेहद कम लोग मौजूद रहे।
एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। कई लोगों को चिन्हित किया जा चुका है और उनके खिलाफ छापेमारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर रासुका (NSA) भी लगाया जाएगा।
Location : Ghazipur
Published : 5 June 2026, 9:35 AM IST