बड़ी खबर: यूपी में मत्स्य संपदा योजना में बड़े भ्रष्टाचार का खुलासा, निदेशक सहित 5 अफ़सर निलंबित

उत्तर प्रदेश में कथित लापरवाही और अनियमितताओं के आरोपों पर योगी सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। मत्स्य निदेशक एनएस रहमानी समेत पांच अधिकारियों को निलंबित किया गया है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना और मछली पकड़ने के ठेकों में कथित अनियमितताओं की जांच जारी है। अन्य अधिकारियों पर भी कार्रवाई संभव है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 13 August 2026, 8:35 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में लापरवाही और कथित अनियमितताओं के मामले में योगी सरकार ने बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद की संस्तुति पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मत्स्य निदेशक एनएस रहमानी समेत पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) के क्रियान्वयन में कथित लापरवाही और अनियमितताओं के आरोपों के बाद की गई है।

मत्स्य निदेशक समेत पांच अधिकारी निलंबित

सरकार की कार्रवाई में मत्स्य निदेशक एनएस रहमानी के अलावा वाराणसी में तैनात मत्स्य अधिकारी श्वेता सिंह, आकाश दीप, राजेंद्र और खुर्शीद आलम को भी निलंबित किया गया है। इन अधिकारियों पर प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के संचालन में कथित लापरवाही और अनियमितताओं के आरोप हैं।

मंत्री के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

एनएस रहमानी पर क्या हैं आरोप?

मत्स्य निदेशक एनएस रहमानी पर लखनऊ स्थित मत्स्य विभाग की जमीन के उचित संरक्षण में लापरवाही बरतने का आरोप है। इसके अलावा मत्स्य विभाग के उपनिदेशक के पद पर रहते हुए उन्होंने वर्ष 2020-21, 2021-22 और 2022-23 की प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से जुड़ी अनुदानित परियोजनाओं के संचालन में कथित लापरवाही की।

आरोप यह भी है कि सोनभद्र के रिहंद जलाशय में मछली पकड़ने का ठेका महानिदेशक मत्स्य की अनुमति के बिना दिया गया। इसी तरह प्रयागराज और बहराइच में भी मछली पकड़ने के ठेके को बिना आवश्यक अनुमति स्वीकृत किए जाने की बात सामने आई है।

वाराणसी में भी कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई

वाराणसी में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के क्रियान्वयन से जुड़ी कथित लापरवाही और अनियमितताओं को लेकर भी अधिकारियों पर कार्रवाई हुई है। श्वेता सिंह समेत चार अधिकारियों को निलंबित किया गया है।

सरकार अब इन मामलों की विस्तृत जांच करा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि योजनाओं के संचालन में किन स्तरों पर नियमों की अनदेखी हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

Gold खरीदने वालों को बड़ा झटका! चांदी हुई धड़ाम पर सोना हुआ और बेकाबू, चेक करें दिल्ली से मुंबई तक का लेटेस्ट रेट

अन्य अधिकारियों पर भी लटकी कार्रवाई की तलवार

मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि प्रारंभिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर मौजूदा कार्रवाई की गई है। उन्होंने संकेत दिया कि जांच का दायरा आगे बढ़ सकता है और अन्य अधिकारी भी कार्रवाई की जद में आ सकते हैं।

मंत्री के मुताबिक, विस्तृत जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही, अनियमितता या किसी अन्य गलत कार्य के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

दो दिन की राहत के बाद फिर आफत! यूपी के 11 जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट, कहीं आपका जिला तो नहीं?

योगी सरकार ने दिया जीरो टॉलरेंस का संदेश

मत्स्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार भ्रष्टाचार, लापरवाही और अनियमितताओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। सरकार का संदेश साफ है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

अब सबकी नजर इस बात पर है कि विस्तृत जांच के बाद कितने और अधिकारियों पर कार्रवाई होती है।

Location :  Lucknow

Published :  13 August 2026, 8:35 AM IST