
कानून के हाथ से नहीं बच सके वांछित (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज के फरेंदा में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपित थाना फरेंदा में दर्ज एक मुकदमे में वांछित चल रहे थे। पुलिस ने उन्हें बाजारडीह क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जिलेभर में वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में थाना फरेंदा पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। शनिवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने बाजारडीह क्षेत्र में घेराबंदी की और दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें - Maharajganj: दिमाग की बत्ती और ज्ञान की जंग, मदर मरियम ग्लोबल स्कूल के इन दो धुरंधरों ने जीती GK क्विज़ ट्रॉफी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में श्रीकेश साहनी (25) पुत्र जोगी साहनी तथा जोगी साहनी (52) पुत्र परदेशी साहनी निवासी ग्राम ओड़वलिया टोला भरथीपुर उर्फ रतनपुर, थाना फरेंदा, जनपद महराजगंज शामिल हैं। दोनों के विरुद्ध थाना फरेंदा में मुकदमा अपराध संख्या 187/2026 दर्ज है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85,80(2) तथा 3/4 डीपी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद आवश्यक पूछताछ की गई और नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी वांछित आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह के साथ उपनिरीक्षक कलीमुल्लाह खान,मुख्य आरक्षी बुद्धिसागर चौधरी तथा मुख्य आरक्षी मनोज कुमार की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को फरेंदा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
Location : Maharajganj
Published : 11 July 2026, 7:04 PM IST