
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Unnao: उन्नाव के अटवा बैक गांव में स्वाइन फ्लू ने चिंता बढ़ा दी है। एक ही परिवार के देवर-भाभी की कुछ घंटों के अंतराल में मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। दोनों में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई थी। वहीं, जिले में एक 53 वर्षीय महिला के भी संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और जांच का दायरा बढ़ा दिया है। मृतकों के संपर्क में आए 16 लोगों के सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, 50 वर्षीय व्यक्ति को बुखार और सांस लेने में परेशानी के बाद लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में उनके स्वाइन फ्लू संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसी दौरान उनकी 56 वर्षीय भाभी की भी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें भी इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया, जहां जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई।
इलाज के दौरान 2 सितंबर की देर रात 50 वर्षीय व्यक्ति की हालत अचानक बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। अगले ही दिन 3 सितंबर को उनकी 56 वर्षीय भाभी ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतका के बेटे ने पॉजिटिव जांच रिपोर्ट के साथ स्वास्थ्य विभाग को दोनों मौतों की जानकारी दी।
दोनों मौतों की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम अटवा बैक गांव पहुंची। सीएचसी प्रभारी डॉ. मंजेश के नेतृत्व में टीम ने मृतकों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई। ऐसे 16 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। सभी सैंपल RT-PCR जांच के लिए KGMU लखनऊ भेजे गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग अब इन लोगों की रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही संक्रमण की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
उन्नाव में 53 वर्षीय एक महिला में भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। बुखार और सांस लेने में परेशानी के बाद उन्हें कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बेहतर उपचार के लिए उन्हें कानपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
अटवा बैक गांव में देवर-भाभी की मौत के अलावा बीमारी के बाद दो बुजुर्गों की भी मौत हुई है। 60 वर्षीय परमेश्वर की शुक्रवार और 80 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद की बृहस्पतिवार को मौत हुई थी। हालांकि, इन दोनों मौतों को स्वाइन फ्लू से जोड़कर स्वास्थ्य विभाग ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। तीन दिन के भीतर चार लोगों की मौत से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
UP News Live: आगरा में 11वीं की छात्रा के साथ दुष्कर्म, यहां पढ़ें यूपी की हर बड़ी खबर एक जगह
एसीएमओ डॉ. जयराम सिंह के मुताबिक, अस्पताल या लैब की ओर से अभी आधिकारिक जानकारी नहीं मिली थी। परिजन की ओर से ईमेल के जरिए दी गई सूचना के आधार पर टीम भेजकर जांच कराई गई है। संभावित मरीजों के सैंपल लखनऊ भेजे गए हैं।
कानपुर मंडल में भी स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पहले से सतर्क है। कानपुर में स्वाइन फ्लू से मौत की पुष्टि और कन्नौज में संक्रमण सामने आने के बाद अब उन्नाव की स्थिति ने विभाग की चिंता और बढ़ा दी है।
Location : Unnao
Published : 7 September 2026, 10:01 AM IST
Topics : H1N1 Health News Swine Flu unnao news UP News