आगरा कैंट स्टेशन पर रूह कंपाने वाली वारदात: कटर से काटकर सूटकेस में भरे शरीर के टुकड़े, चेन्नई तक फैला कातिलों का जाल

तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी से मिले लावारिस ट्रॉली बैग में इंसान के कटे अंग मिलने से सनसनी फैल गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि कातिलों ने कटर से शरीर के कई टुकड़े किए और पहचान मिटाने के लिए तेजाब उड़ेला। पुलिस और फोरेंसिक टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 10 August 2026, 12:27 PM IST

Agra: आगरा कैंट स्टेशन पर तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी से बरामद लावारिस ट्रॉली बैग के मामले में रोंगटे खड़े करने वाले खुलासे हुए हैं। डॉक्टरों और फोरेंसिक वैज्ञानिकों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में यह साफ हो गया है कि हत्या बेहद क्रूरता के साथ की गई है। कातिलों ने पहचान छिपाने की नापाक कोशिश के तहत शव को कटर से बेरहमी से काटा। जांच में सामने आया है कि मृतक के एक पैर और पसली के ही 12 टुकड़े किए गए थे, और अंगों को गलाने के लिए उन पर तेजाब उड़ेला गया था।

ऐसे खुला ट्रेन में मिले लावारिस बैग का खौफनाक राज

यह सनसनीखेज मामला 5 अगस्त की सुबह तब प्रकाश में आया, जब तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में एक लावारिस ट्रॉली बैग यात्रियों को संदिग्ध अवस्था में मिला। यात्रियों की सूचना पर हरकत में आई जीआरपी ने आगरा कैंट स्टेशन पर जब उस बैग को खुलवाया, तो अंदर का मंजर देख अधिकारियों के होश उड़ गए। बैग के भीतर इंसानी अंग बरामद हुए, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को भांपते हुए फौरन एक पुलिस टीम को चेन्नई रवाना किया गया, जहां स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध युवक और युवती ट्रॉली बैग के साथ नजर आए।

Murshidabad News: 5 साल से तालाब में रह रहा 16 साल का इकबाल? पानी से बाहर आते ही होती है तेज जलन, बीमारी का राज अब भी अनसुलझा

तीन अलग-अलग जगहों पर फेंके जाने की आशंका

घटना के 72 घंटे पूरे होने के बाद रविवार को जब डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया, तो कई चौंकाने वाली और डरावनी परतें उघड़ीं। बरामद हुए अंग शरीर का महज एक तिहाई हिस्सा हैं, जिससे यह प्रबल आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों ने शव के टुकड़ों को अलग-अलग पॉलिसिथिन में पैक कर तीन अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाया होगा। हैरानी की बात यह है कि जननांग पूरी तरह न होने के कारण यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतक पुरुष था या महिला। फिलहाल, फोरेंसिक टीम ने डीएनए सैंपल सुरक्षित रख लिए हैं ताकि परिजनों के सामने आने पर सच्चाई का पता लगाया जा सके।

गोरखपुर में SSP का बड़ा प्रहार: अहिरौली खुर्द हिंसा पर नाकामी पड़ी भारी, सिकरीगंज थाना प्रभारी नपे, नए SO की तैनाती

चेन्नई से लेकर आगरा तक बिछाया गया जाल

जीआरपी सीओ राजेश दीक्षित के अनुसार, इस वीभत्स वारदात को अंजाम देने वाले शातिर कातिलों और ट्रेन में यह ट्रॉली बैग रखने वाले संदिग्धों की पहचान के लिए पुलिस की कई टीमें दिन-रात जुटी हुई हैं। चेन्नई पुलिस का भी इस हाई-प्रोफाइल जांच में पूरा सहयोग लिया जा रहा है ताकि सीसीटीवी फुटेज में दिखे युवक-युवती तक पहुंचा जा सके। हालांकि अभी तक अन्य स्थानों से मानव अंग मिलने की कोई सूचना नहीं मिली है, लेकिन पुलिस लगातार पड़ताल में जुटी है।

Location :  Agra

Published :  10 August 2026, 12:26 PM IST