हिंदी
मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप (IMG: Dynamite News)
Hathras: हाथरस में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। जिस युवती की शादी को अभी महज 39 दिन ही हुए थे, उसकी अचानक मौत की खबर से मायके और ससुराल दोनों पक्षों में हड़कंप मच गया। मामला हसायन थाना क्षेत्र के नगला शेखा गांव का है। यहां 20 वर्षीय यशोदा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी जब मायके पक्ष को मिली तो परिजन आनन-फानन में गांव पहुंचे। वहां विवाहिता का शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतका की पहचान बुलंदशहर जिले के डिबाई क्षेत्र के सतोहा गांव निवासी 20 वर्षीय यशोदा पुत्री संजय के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक यशोदा की शादी करीब 39 दिन पहले हसायन क्षेत्र के नगला शेखा गांव निवासी अजय पुत्र पप्पू सिंह के साथ हुई थी। बताया गया है कि अजय एक कंपनी में प्राइवेट नौकरी करता है। शादी के बाद यशोदा अपने ससुराल में रह रही थी।
5 बेड वाली इमरजेंसी से 18 बेड तक का सफर, हाथरस में क्यों लिया गया ये बड़ा फैसला?
यशोदा के मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग की जा रही थी और मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित किया जाता था। मायके वालों ने आरोप लगाया कि इसी विवाद के चलते ससुरालीजनों ने यशोदा की हत्या कर दी।
मृतका के चाचा विनोद ने ससुरालीजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यशोदा के गले और शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए हैं। चाचा ने आशंका जताई कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता की हत्या की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्टूडेंट्स के बीच पहुंचे हाथरस SP, चिरंजीव नाथ सिन्हा ने युवाओं को दिए सफलता और सुरक्षा के खास टिप्स
घटना की सूचना मिलते ही हसायन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद विवाहिता के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मायके पक्ष के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली है। साथ ही ससुराल पक्ष से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
Location : Hathras
Published : 13 August 2026, 8:03 PM IST