सुलतानपुर में आधी रात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नहर पटरी पर मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार

गोहत्या निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को बंधुआकला पुलिस ने बुधवार देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से अभियुक्त घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 November 2026, 10:26 AM IST

Sultanpur: बंधुआकला थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, गोहत्या निवारण अधिनियम के मुकदमे में तलाशे जा रहे आरोपी समीर को जवाबी कार्रवाई के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। गोली लगने से घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस और अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सुलतानपुर और अमेठी के अलग-अलग थानों में पहले से 11 मुकदमे दर्ज हैं।

नहर पटरी पर हुई मुठभेड़

पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर 2026 को बंधुआकला थाने में गोहत्या निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8 के तहत मुकदमा संख्या 222/26 दर्ज किया गया था। इस मामले में अमेठी जिले के मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के तकिया जमुवारी निवासी समीर पुत्र फैयाज उर्फ कल्लू की तलाश की जा रही थी।

बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात अलीगंज चौकी क्षेत्र के पड़वापुर गांव के पास नहर पटरी पर पुलिस और आरोपी का आमना-सामना हुआ। पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में समीर घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

तमंचा और कारतूस बरामद होने का दावा

पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। इसके अलावा एक चापड़ और रस्सी भी मिली है। पुलिस का कहना है कि इनका इस्तेमाल गोहत्या में किया जाता था।

मुठभेड़ के मामले में पुलिस ने जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा संख्या 223/26 भी दर्ज किया है।

JEE Main 2027: इंजीनियरिंग का जबरदस्त क्रेज, टूटे आवेदन के रिकॉर्ड, आज आखिरी मौका

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 11 मुकदमे

पुलिस ने बताया कि समीर के खिलाफ सुलतानपुर और अमेठी के विभिन्न थानों में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, आयुध अधिनियम, गोवध निवारण अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के अनुसार, गोहत्या के मुकदमे में वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Sultanpur

Published :  26 November 2026, 10:26 AM IST