सुलतानपुर में डीजे संचालकों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 10 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

सुल्तानपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने पर पुलिस ने 10 संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि पुलिस की चेतावनी के बावजूद संचालकों ने आवाज कम नहीं की। नगर कोतवाली और कुड़वार थाना क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 October 2026, 12:00 PM IST

Sultanpur: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाना 10 संचालकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने ध्वनि और पर्यावरण प्रदूषण के आरोप में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि पुलिस की चेतावनी के बावजूद कुछ संचालकों ने आवाज कम नहीं की और निर्देशों की अनदेखी करते रहे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

पुलिस की चेतावनी के बाद भी नहीं मानी बात

जानकारी के मुताबिक, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुलतानपुर नगर क्षेत्र समेत कई स्थानों पर शोभायात्राएं निकाली जा रही थीं। इन शोभायात्राओं में डीजे भी शामिल थे। इस दौरान कुछ संचालकों पर निर्धारित ध्वनि मानकों से अधिक आवाज में डीजे बजाने का आरोप लगा।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने संचालकों को आवाज कम करने और नियमों का पालन करने की हिदायत दी थी। इसके बावजूद कुछ संचालकों ने कथित तौर पर पुलिस के निर्देशों को नजरअंदाज किया। इसी को लेकर पुलिस ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की।

10 के खिलाफ मुकदमा दर्ज (Source: Pinterest)

नगर कोतवाली और कुड़वार में दर्ज हुए मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, नगर कोतवाली क्षेत्र में तेज आवाज में डीजे बजाने के मामले में संबंधित संचालकों के खिलाफ ध्वनि प्रदूषण, पर्यावरण प्रदूषण और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

वहीं, कुड़वार थाना क्षेत्र के स्थानीय कस्बे में भी डीजे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई। यहां उपनिरीक्षक अम्बरीष पाठक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश नारायण मिश्रा और कुड़वार थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि की है।

गुड मॉर्निंग देवरिया: सुबह-सुबह पुलिस का पहरा; पार्कों से स्कूलों तक चला सुरक्षा अभियान

धार्मिक आयोजनों में भी नियमों का पालन जरूरी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सार्वजनिक आयोजनों और धार्मिक शोभायात्राओं के दौरान ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन करना जरूरी है। किसी भी धार्मिक या सार्वजनिक आयोजन के नाम पर निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

गौरतलब है कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुलतानपुर नगर में बड़ी संख्या में शोभायात्राएं निकाली गई थीं, जिनमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए थे। तेज आवाज में डीजे बजने से बुजुर्गों, बच्चों, बीमार लोगों और आसपास रहने वाले नागरिकों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को सार्वजनिक आयोजनों में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Location :  Sultanpur

Published :  30 October 2026, 12:00 PM IST