
एसटीएफ मुठभेड़ में इनामी अपराधी लल्लन सिंह ढेर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Saharanpur: बिहार का कुख्यात और 1.25 लाख रुपये का इनामी बदमाश लल्लन सिंह उर्फ ललन सिंह सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश एसटीएफ और पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। सरसावा-नकुड़ मार्ग पर हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। मुठभेड़ के दौरान लल्लन सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सरसावा-नकुड़ रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस का सामना संदिग्ध बदमाशों से हुआ। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें लल्लन सिंह घायल हो गया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लल्लन सिंह बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव का निवासी था। वह लंबे समय से बिहार और उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और विभिन्न मामलों में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
लल्लन सिंह की गिरफ्तारी पर कुल 1.25 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम रखा था, जबकि चंदौली पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लंबे समय से फरार चल रहे इस अपराधी को पकड़ने के लिए कई पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही थीं।
पुलिस के मुताबिक लल्लन सिंह बेहद खतरनाक अपराधी था। उसके खिलाफ हत्या, बैंक डकैती, कैश वैन लूट, हथियार लूट और पुलिसकर्मियों पर हमले जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे। उस पर सात लोगों की हत्या का आरोप था। जिन लोगों की हत्या के मामलों में उसका नाम सामने आया, उनमें दो दारोगा, एक बैंक कैशियर और एक निजी सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस उसे बेहद शातिर और खतरनाक अपराधी मानती थी।
वर्ष 2022 में वाराणसी में एक उपनिरीक्षक को गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्टल लूटने की सनसनीखेज घटना में भी लल्लन सिंह वांछित था। इसके अलावा चंदौली में फायरिंग और लूट की घटनाओं में भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस का कहना है कि वह अपने भाइयों और गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई बड़ी आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका था।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने फरार बदमाश की तलाश तेज कर दी है। कई पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सहारनपुर में हुई इस मुठभेड़ को पुलिस अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देख रही है।
Location : Saharanpur
Published : 22 June 2026, 10:12 AM IST