देवरिया में तेज रफ्तार का कहर, फोर व्हीलर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, एक गंभीर

देवरिया के बैतालपुर तेल डिपो के पास गोरखपुर-देवरिया फोरलेन पर तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में 33 वर्षीय योगेश कुमार निषाद की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 July 2026, 4:45 PM IST

Deoria: देवरिया में एक बार फिर तेज रफ्तार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गोरखपुर-देवरिया फोरलेन पर बैतालपुर तेल डिपो के पास गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने पीछे से बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर हालत में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।

बैतालपुर तेल डिपो के पास हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा गुरुवार दोपहर गोरखपुर-देवरिया फोरलेन पर बैतालपुर स्थित तेल डिपो के समीप हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार दो युवक देवरिया मुख्यालय से अपना जरूरी काम निपटाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए एक फोर व्हीलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

नाली तो साफ हो गई, लेकिन सड़क का क्या? देवरिया में नगर पालिका के दावों की खुली पोल, हादसे का शिकार हो रहे स्कूली बच्चे

अस्पताल में युवक ने तोड़ा दम, दूसरे की हालत गंभीर

स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए एंबुलेंस को सूचना दी और दोनों घायलों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने 33 वर्षीय योगेश कुमार निषाद, निवासी ग्राम पोखरभिंडा, को उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल धनंजय शर्मा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

परिवार में मचा कोहराम

योगेश कुमार निषाद की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

‘हत्या या कोई हादसा?’ देवरिया के तरकुलवा में अज्ञात का शव मिलने से तरह-तरह की चर्चाएं तेज

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना करने वाले फोर व्हीलर और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Location :  Deoria

Published :  30 July 2026, 4:27 PM IST