Sonbhadra Crime: मौत की साजिश का सोनभद्र पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, एक को दबोचा

सोनभद्र के घोरावल में ट्रक से की गई हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सुनियोजित साजिश में मुख्य आरोपी अभय पाल को गिरफ्तार किया गया है। 2025 में हुई दुर्घटना को हत्या में बदला गया था। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 17 April 2026, 4:42 PM IST
google-preferred

Sonbhadra: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद में घोरावल पुलिस ने हत्या के मामले का खुलासा करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी अभय पाल को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पांडेय के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। आरोपी को 17 अप्रैल को गुरेठ मोड़ के पास चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया।

अभय पाल जो रॉबर्ट्सगंज का निवासी और ट्रक चालक है, घटना के बाद से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सड़क हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या निकली

यह मामला 8 दिसंबर 2025 का है, जब घोरावल क्षेत्र के खुटहा बाईपास पर एक ट्रक ने क्रेटा कार को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में कार चालक राजेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी। शुरुआत में यह मामला एक सामान्य सड़क दुर्घटना माना गया था।

अमेठी नरहरपुर कांड: सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंची महिलाएं, कहा- हमें इंसाफ चाहिए

पुलिस की गहन जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। विवेचना में पता चला कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि पहले से रची गई हत्या की साजिश थी। पुलिस ने जब घटनाक्रम और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की तो पूरी कहानी बदल गई।

पुरानी दुश्मनी में रची गई थी मौत की साजिश

जांच में खुलासा हुआ कि वर्ष 2023 में मंगल पाल के 9 वर्षीय पुत्र अनुराग पाल का अपहरण कर हत्या कर दी गई थी, जिसमें राजेश यादव मुख्य आरोपी था। इस मामले में जमानत पर बाहर आने के बाद राजेश यादव को खत्म करने की योजना बनाई गई।

इसी रंजिश के चलते मंगल पाल ने अपने रिश्तेदार अभय पाल और अन्य साथियों के साथ मिलकर ट्रक से हत्या की साजिश रची। योजना के तहत एक पुराना ट्रक खरीदा गया और घटना वाले दिन खुटहा बाईपास पर घात लगाकर इंतजार किया गया। जैसे ही राजेश यादव अपनी क्रेटा कार से वहां पहुंचा, अभय पाल ने ट्रक से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

सोनभद्र में डायवर्जन बना मौत का जाल… आखिर कब रुकेगा ये खौफनाक सिलसिला?

पुलिस की जांच में खुला पूरा षड्यंत्र

पूछताछ में आरोपी ने पूरी साजिश का खुलासा किया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस खुलासे को पुलिस ने बड़ी सफलता बताया है। अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और कानून से बचना अब आसान नहीं होगा।

Location :  Sonbhadra

Published :  17 April 2026, 4:42 PM IST

Advertisement