
देर रात हुआ भीषण सड़क हादसा (Img: Dynamite News)
Sonbhadra: सोनभद्र जिले के अनपरा थाना क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। बैरपान के पास रेणुकूट की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और चालक अंदर फंसा हुआ था। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन केबिन पूरी तरह दब जाने के कारण चालक को निकालना आसान नहीं था। काफी देर तक मशक्कत चलती रही। बाद में पुलिस और क्रेन की मदद से चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक चालक की पहचान 44 वर्षीय राकेश पुत्र विवेकानंद निवासी गौरा, मिर्जापुर के रूप में हुई है। वहीं हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
उद्घाटन हुआ, फोटो खिंची… फिर उखड़ गई सड़क! महराजगंज की इस CC रोड ने खोल दी बड़े प्रशासन की पोल
दुर्घटना के बाद वाराणसी-शक्तिनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही अनपरा पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Location : Sonbhadra
Published : 18 May 2026, 10:56 AM IST