Crime in Delhi: बीवी ने अपने भाइयों से उजड़वाया सुहाग, ननद बोली- भाभी अब किसके लिए रखोगी करवा चौथ का व्रत

दिल्ली के निहाल विहार में 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पारिवारिक विवाद के बाद पत्नी के मायके वालों ने उनके साथ मारपीट की, जिसमें उनकी मौत हो गई। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 22 August 2026, 3:01 PM IST
google-preferred

New Delhi: आउटर दिल्ली के निहाल विहार इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद के बाद 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उनकी पत्नी के मायके वालों पर लगाया गया है। घटना के बाद पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पत्नी से विवाद के बाद घर पहुंचे मायके वाले

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह विनय गुप्ता और उनकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी नाराज होकर घर से बाहर चली गई और कुछ देर बाद अपने मायके वालों को लेकर वापस पहुंची। आरोप है कि पत्नी के परिवार के लोग निहाल विहार स्थित विनय के घर पहुंचे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में विनय को गंभीर चोटें आईं। बाद में उनकी मौत हो गई।

बहन ने लगाया साजिश का आरोप

विनय गुप्ता की बहन ने इस घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के समय वह अपने ससुराल में थीं और घर पर उनके माता-पिता और भाई मौजूद थे। बहन ने पुलिस को बताया कि सुबह पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद उनकी भाभी गुस्से में घर से चली गईं। आरोप है कि करीब 10 मिनट बाद वह अपने परिवार के छह लोगों के साथ वापस आईं और सभी लोग घर में पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार के लोगों ने विनय के साथ मारपीट की, उनके बाल पकड़कर घसीटा और गला दबाकर हत्या कर दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घर के CCTV कैमरे पहले ही बंद कर दिए गए थे और पूरी घटना एक साजिश के तहत की गई।

Adobe कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे विनय

विनय गुप्ता लक्ष्मी पार्क इलाके के रहने वाले थे और नोएडा स्थित Adobe कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। परिवार के अनुसार, उनकी शादी करीब साढ़े तीन साल पहले बुध विहार निवासी महिला से हुई थी। विनय और उनकी पत्नी के चार महीने के जुड़वां बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने शुरू की जांच, चार लोग हिरासत में

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में कथित रूप से शामिल चार लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  New Delhi

Published :  22 August 2026, 3:01 PM IST

Related News

Advertisement