
प्रसव के दौरान नवजात की मौत (Img: Dynamite News)
Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के पर्वतपुर चौराहे पर प्रसव के दौरान नवजात की मौत और इसके बाद महिला की भी जान चले जाने से आक्रोश फैल गया। शुक्रवार दोपहर मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के कारण चौराहे पर यातायात बाधित हो गया और काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
बसावनपुर निवासी सावित्री पत्नी अशोक कुमार तीन सितंबर को प्रसव के लिए पर्वतपुर चौराहे स्थित एक मेडिकल स्टोर पर पहुंची थीं। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर के पीछे बने कमरे में ही महिला का प्रसव कराया जा रहा था। इसी दौरान गर्भ में बच्चे की मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि नवजात की मौत के बाद भी महिला का इलाज उसी स्थान पर जारी रखा गया।
Sitapur News: बारिश बन गई काल! अचानक गिरी कच्ची दीवार, मलबे में दबकर 52 साल की महिला की मौत
परिजनों के मुताबिक, प्रसव के बाद सावित्री की हालत लगातार खराब होती चली गई। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें महमूदाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन महिला को लखनऊ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
सावित्री की मौत की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार करीब 12:30 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पर्वतपुर चौराहे पर पहुंच गए। लोगों ने शव सड़क पर रखकर मामले में कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। प्रदर्शन के चलते सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और मौके पर जाम लग गया।
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया। परिजन मेडिकल स्टोर संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सावित्री की मौत के बाद उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतका के पीछे पांच और तीन वर्ष की दो बेटियां अंजलि और मुस्कान हैं। मां की मौत के बाद दोनों बच्चियों के सिर से ममता का साया उठ गया है, जिससे परिवार में मातम का माहौल है।
परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि संबंधित मेडिकल स्टोर पर प्रसव कराने का काम किया जाता है। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रसव कहां और किन परिस्थितियों में कराया गया तथा महिला और नवजात की मौत के लिए किसी स्तर पर लापरवाही जिम्मेदार थी या नहीं।
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जानकारी जुटा रहे हैं। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और मेडिकल स्टोर पर प्रसव कराए जाने के दावे की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। मामले में प्रशासन की जांच रिपोर्ट महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Location : Sitapur
Published : 4 September 2026, 5:17 PM IST