Sitapur: झाड़ियों में मिला शव, नाक से बहता खून… 35 साल के युवक की मौत पर गहराया रहस्य

सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र में एनएच-30 किनारे झाड़ियों में 35 वर्षीय युवक का शव मिला। करीब 12 घंटे बाद उसकी पहचान निखिलेश अवस्थी के रूप में हुई। परिजनों ने संदिग्ध मौत की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 August 2026, 3:19 PM IST

Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रामकोट थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 की सर्विस रोड किनारे झाड़ियों में शुक्रवार शाम युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। युवक की पहचान तत्काल नहीं हो सकी। करीब 12 घंटे तक पुलिस पहचान के लिए मशक्कत करती रही, जिसके बाद पिता ने कपड़े और चेहरे से शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की।

मृतक की पहचान कैमहरा गांव निवासी 35 वर्षीय निखिलेश अवस्थी उर्फ छोटू, पुत्र राम प्रवेश अवस्थी के रूप में हुई है।

झाड़ियों में पड़ी थी लाश, नाक से निकल रहा था खून

शुक्रवार देर रात एनएच-30 की सर्विस रोड किनारे झाड़ियों में युवक का शव पड़ा मिला। बताया गया कि शव की नाक से खून निकल रहा था। सूचना मिलते ही रामकोट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।

युवक ने काले रंग की शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी। शुरुआत में पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।

Sitapur: 25 शादियों के कथित ठग मामले में भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने तोड़ी चुप्पी, बोले- हम भी हुए शिकार…

पहचान के लिए सोशल मीडिया का लिया सहारा

पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ के साथ सोशल मीडिया के जरिए भी युवक की पहचान कराने का प्रयास किया। आसपास के मजदूरों ने पुलिस को बताया कि युवक शुक्रवार सुबह से क्षेत्र में घूमता दिखाई दिया था और कथित तौर पर शराब के नशे में था। इसके बाद पुलिस ने आसपास के गांवों और थानों से भी संपर्क कर जानकारी जुटाई।

पिता ने कपड़े और चेहरे से पहचान लिया बेटा

करीब 12 घंटे बाद मृतक के पिता राम प्रवेश अवस्थी घटनास्थल पर पहुंचे। कपड़े और चेहरे के आधार पर उन्होंने शव की पहचान अपने बेटे निखिलेश अवस्थी के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों ने युवक की मौत को सामान्य मानने से इनकार करते हुए अनहोनी की आशंका जताई है। परिवार ने पूरे मामले की जांच की मांग की है।

Sitapur: बच्चों की थाली से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं… जली रोटियां और पानी जैसी सब्जी परोसने पर प्रधानाध्यापिका-रसोइया पर FIR

पोस्टमार्टम खोलेगा मौत का राज

पुलिस के मुताबिक युवक की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। परिजनों की आशंका को देखते हुए चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

फिलहाल पुलिस घटनास्थल, आसपास के लोगों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर युवक झाड़ियों तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई? इसका जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।

Location :  Sitapur

Published :  8 August 2026, 3:19 PM IST