Sitapur News: अंतर्राज्यीय शराब तस्करी गिरोह का खुलासा, फर्जी नंबर प्लेट वाली कार से 139 बोतल शराब बरामद

सीतापुर में पुलिस ने अंतर्राज्यीय शराब तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। कमलापुर थाना पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी वैगनआर कार से 139 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 August 2026, 7:29 PM IST

Sitapur: 14 अगस्त को कमलापुर थाना पुलिस मानपुर रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान कम्हरिया चौराहे के पास संदिग्ध वैगनआर कार को रोककर जांच की गई। कार में शराब की बड़ी खेप मिली। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सीतामढ़ी जिले के रहने वाले रंजीत कुमार, रतनेश कुमार सिंह, विक्की कुमार और अजय सिंह के रूप में हुई है।

कार से 139 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद

पुलिस ने कार की तलाशी ली तो अलग-अलग ब्रांड की कुल 139 बोतल शराब बरामद हुई। इनमें 999 पावरस्टार फाइन रम की 10 बोतल, वजीर डिलक्स व्हिस्की की 35 बोतल और 999 पावरस्टार फाइन व्हिस्की की 94 बोतल शामिल हैं। सभी बोतलें 750 मिलीलीटर की बताई गई हैं। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही वैगनआर कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस ने कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है।

यह भी पढ़ें: Sitapur News: मिड-डे मील में लापरवाही या शिक्षकों पर गाज? प्राथमिक शिक्षक संघ ने DM से की FIR की समीक्षा की मांग

बिहार में महंगे दामों पर बेचते थे शराब

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बिहार में शराबबंदी के कारण वहां शराब की मांग रहती है। इसी का फायदा उठाकर वे हरियाणा और चंडीगढ़ से कम कीमत पर शराब खरीदते थे और बिहार के अलग-अलग जिलों में उसे अधिक दाम पर बेचते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहचान छिपाने और टोल टैक्स व पुलिस की नजर से बचने के लिए वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर शराब ले जा रहे थे।

आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज

कमलापुर थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 194/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 और बीएनएस की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई की है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें: Sitapur: झाड़ियों में मिला शव, नाक से बहता खून… 35 साल के युवक की मौत पर गहराया रहस्य

पुलिस टीम की कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी सिधौली विशाल गुप्ता के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक इतुल चौधरी समेत थाना कमलापुर की पुलिस टीम शामिल रही।

Location :  Sitapur

Published :  15 August 2026, 7:29 PM IST