
श्रमिक की मौत के बाद भड़का गुस्सा (Img: Google)
Singrauli: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में स्थित एक निजी पावर प्लांट में हुए हादसे ने श्रमिकों के बीच आक्रोश पैदा कर दिया। प्लांट में कार्यरत 35 वर्षीय श्रमिक अंगद चौधरी की मौत के बाद बड़ी संख्या में मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना माड़ा थाना क्षेत्र की बधौरा चौकी के अंतर्गत आने वाले पावर प्लांट में सोमवार को हुई।
हादसे की खबर फैलते ही प्लांट परिसर में काम कर रहे श्रमिकों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज मजदूरों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने श्रमिकों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।
जानकारी के अनुसार मृतक अंगद चौधरी मूल रूप से झारखंड के निवासी थे और लंबे समय से पावर प्लांट में कार्यरत थे। साथी श्रमिकों का आरोप है कि काम के दौरान बॉयलर से गिरने के कारण उनकी मौत हुई। श्रमिकों का कहना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होती तो इस हादसे को टाला जा सकता था।
घटना के बाद कंपनी प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया गया। बयान में कहा गया कि ड्यूटी के दौरान एक घातक दुर्घटना में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया था। कंपनी के अनुसार श्रमिक को निर्धारित व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) उपलब्ध कराए गए थे और हादसे के तुरंत बाद मेडिकल टीम ने उपचार और बचाव के हरसंभव प्रयास किए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
कंपनी ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
बेटा विहान होने के बाद पहली बार काम को लेकर एक्टिव हुईं Katrina Kaif, अगले साल से शुरू करेंगी शूटिंग
कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी शैलेंद्र सिंह के अनुसार पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल प्रशासन और कंपनी प्रबंधन दोनों ही मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
Location : Singrauli
Published : 10 June 2026, 1:08 PM IST