
वायरल वीडियो ने खोली पोल (Source: Dynamite News)
Siddharthnagar: सिद्धार्थनगर जिले के उसका बाजार क्षेत्र में इन दिनों विकास के नाम पर भ्रष्टाचार का एक ऐसा खेल चल रहा है, जिसे देखकर आम जनता का माथा ठनक गया है। मामला माननीय सांसद श्री जगदंबिका पाल जी की निधि से बनने वाले बकैनिया-गंगाधरपुर संपर्क मार्ग का है। बृजमनगंज-उसका मार्ग से जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण रास्ते पर ठेकेदार और विभागीय जिम्मेदारों की मिलीभगत से पानी की तरह पैसा बहाए जाने के बजाय, जनता के हक पर खुलेआम डाका डाला जा रहा है।
मौके पर जाकर देखा जाए तो सड़क की हालत बेहद दयनीय और टूटी-फूटी है। ठेकेदार ने नियमों को ताक पर रखकर बिना किसी सही ग्रेडिंग और लेवलिंग के ही गिट्टी-पत्थर इधर-उधर फेंक दिए हैं। सबसे हैरानी की बात तो यह है कि बिना उचित ढंग से गिट्टी डाले और बिना रोलर चलाए सीधे उसके ऊपर सतही तौर पर लीपापोती की जा रही है। न तो सड़क की कोई मानक चौड़ाई बची है और न ही दोनों तरफ पटरी या फुटपाथ का कोई अता-पता है। ऐसे में यह सड़क पहली ही बारिश या भारी वाहनों के गुजरने भर से चकनाचूर हो जाएगी।
सुल्तानपुर में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो की टक्कर से पत्नी की मौत, पति गंभीर
इस घटिया और मानकविहीन निर्माण कार्य को लेकर अब ग्रामीणों में भारी रोष और गुस्सा फूट पड़ा है। सोशल मीडिया पर दो ग्रामीणों की आपस में बातचीत करते हुए एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे मौके पर चल रहे इस भ्रष्टाचार और घटिया काम की सच्चाई को आपस में उजागर कर रहे हैं। वायरल वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि कैसे आम लोग इस लूटखोर व्यवस्था और जिम्मेदारों की कार्यशैली पर तीखे सवाल खड़े कर रहे हैं।
सुल्तानपुर में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो की टक्कर से पत्नी की मौत, पति गंभीर
मौके की सच्चाई सामने आने के बाद इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है और ग्रामीणों द्वारा इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की जा रही है। जनता का साफ कहना है कि यदि इस घटिया निर्माण पर रोक नहीं लगाई गई और इसकी निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीण और कड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस वायरल मामले पर क्या संज्ञान लेता है या फिर सब कुछ यूं ही लीपापोती की भेंट चढ़ जाएगा।
Location : Siddharthnagar
Published : 15 November 2026, 8:46 AM IST