शिकोहाबाद हत्याकांड: प्लीज मेरी मदद कर दो…” हत्या के बाद आरोपी की मिन्नतें और 20 लाख का लालच वायरल

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में डेढ़ साल के मासूम आरव की हत्या मामले में नया मोड़ आया है। आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक का एक ऑडियो सामने आया है, जिसमें वह पीड़ित परिवार से पैसे देकर केस खत्म करने की गुहार लगाता सुनाई दे रहा है। पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है और मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की तैयारी की जा रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 1 June 2026, 2:35 PM IST

Firozabad: फिरोजाबाद के शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में डेढ़ साल के मासूम आरव की बेरहमी से हत्या के मामले ने पूरे इलाके को हिला दिया था, लेकिन अब इस केस में जो नया खुलासा सामने आया है उसने लोगों का गुस्सा और बढ़ा दिया है। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक का एक ऑडियो सामने आया है, जिसमें वह न सिर्फ अपनी गलती स्वीकार करता सुनाई देता है बल्कि पीड़ित परिवार को पैसे देकर मामला रफा-दफा करने की कोशिश भी करता है।

ऑडियो में खुली आरोपी की चाल

पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस को सौंपे गए लगभग सवा दो मिनट के इस ऑडियो में साफ सुना जा सकता है कि आरोपी विराज, मृत बच्चे की मां रती के मौसा पंकज शर्मा से बात कर रहा है। बातचीत में वह बार-बार अपनी गलती स्वीकार करता है और केस को आगे न बढ़ाने की गुहार लगाता है।

पैसे का लालच देकर केस दबाने की कोशिश

ऑडियो में सबसे चौंकाने वाली बात तब सामने आती है जब आरोपी सीधे-सीधे पैसे देने की बात करता है। वह कहता है कि उसके पास घर में 20-21 लाख रुपये नकद रखे हैं और वह पूरा पैसा देने को तैयार है, बस मामला खत्म कर दिया जाए। जब मौसा पंकज शर्मा उसे डांटते हैं और सवाल करते हैं कि वह किसे धमकी दे रहा है, तो आरोपी तुरंत पलट जाता है और कहता है कि वह धमकी नहीं दे रहा बल्कि “सच” बता रहा है।

Firozabad News: 34 सेकंड का वो खौफनाक VIDEO जिसने छीन ली इंसानियत की सांसें… मासूम पर ‘8 बार’ टूट पड़ा हैवान!

हत्या को हादसा बताने की कोशिश

बातचीत के दौरान आरोपी अपनी हैवानियत को छुपाने की कोशिश करते हुए इसे एक्सीडेंट बताने की कोशिश करता है। वह कहता है कि यह एक हादसा था, जो हो गया। लेकिन जब उससे सवाल किया जाता है कि अगर हादसा था तो वह मौके से क्यों भागा, तो वह जवाब नहीं दे पाता।

रसूख दिखाकर दबाव बनाने की कोशिश

ऑडियो में आरोपी यह भी कहता सुनाई देता है कि उसे किसी विधायक या मंत्री की मदद की जरूरत नहीं पड़ेगी और परिवार को खुद ही बीच में आकर मामला संभाल लेना चाहिए। वह यह भी दावा करता है कि वह उसी इलाके का है और वहां खड़े रहना बेवकूफी होती।

पुलिस की सख्त कार्रवाई और मुठभेड़

इस बातचीत के कुछ ही घंटों बाद फिरोजाबाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक को मुठभेड़ में पकड़ लिया। भुड़ा भरतरा रोड पर हुई इस मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल वह पुलिस हिरासत में अस्पताल में भर्ती है और उस पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Road Accident: ट्रक ने बाइक सवार भतीजे को कुचला, मौके पर मौत

फास्ट ट्रैक ट्रायल और फांसी की तैयारी

इस जघन्य हत्याकांड को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि 15 दिनों के भीतर चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाए और दो महीने के भीतर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई पूरी कर आरोपी को फांसी की सजा तक पहुंचाया जाए।

सीसीटीवी फुटेज बना सबसे बड़ा सबूत

इस मामले में सबसे अहम सबूत सीसीटीवी फुटेज को माना जा रहा है, जिसमें आरोपी मासूम आरव को बेरहमी से जमीन पर पटकता हुआ साफ दिखाई देता है। पुलिस इसे सबसे मजबूत और अकाट्य साक्ष्य मान रही है।

अस्पताल में आरोपी का बदला रूप

एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी अस्पताल के बेड पर पानी के लिए गिड़गिड़ाता दिखाई दे रहा है। वही व्यक्ति जिसने मासूम की जान ली, अब दर्द में तड़पता नजर आ रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Location :  Firozabad

Published :  1 June 2026, 2:35 PM IST