हिंदी
झांसी-कानपुर हाईवे पर हादसा (IMG: Dynamite News)
Jhansi: झांसी-कानपुर हाईवे पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मोठ कोतवाली क्षेत्र में यात्रियों से भरी शताब्दी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी खाई में पलट गई। बस के पलटते ही अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे, जबकि कुछ लोग बस के अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव का मोर्चा संभाला और बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि बस संख्या BR 02 PC 5260 इंदौर से यात्रियों को लेकर लखनऊ जा रही थी।
हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। बस के खाई में पलटते ही अंदर बैठे यात्री अपनी सीटों से उछलकर एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे। कई यात्रियों को चोटें आईं। कुछ यात्री बस के अंदर फंस गए और मदद के लिए चीखने लगे। हादसे की आवाज और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंच गए। बस की स्थिति देखकर लोगों ने बिना देर किए बचाव कार्य शुरू कर दिया। दरवाजे से यात्रियों को बाहर निकालना मुश्किल होने पर स्थानीय लोगों ने बस के शीशे तोड़े और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया।
झांसी में स्कूल वाहनों पर पुलिस का शिकंजा, जांच में मिली खामियां तो दो मैजिक गाड़ियां सीज
हादसे के बाद मौके का मंजर बेहद भयावह था। कोई यात्री सिर में चोट लगने से परेशान था तो कोई दर्द से कराह रहा था। स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालकर सड़क किनारे पहुंचाया। इसी बीच पुलिस और डायल-112 को हादसे की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मोठ कोतवाली पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान तेज किया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए मोठ ट्रामा सेंटर भेजा गया।
हादसे के बाद कई घायलों को मोठ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। यहां रिहान, अनुराग दीक्षित, देवेंद्र, अमान, मोहित शर्मा, अमित खरे और हेमंत सोनी का उपचार किया गया। वहीं राहुल गुप्ता, आकाश, राकेश पाल, प्रगति सिंह, रवि वर्मा, गीता देवी, कन्हैयालाल और सुनीत सिंह की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हादसे में करीब दो दर्जन से ज्यादा यात्रियों के घायल होने की बात सामने आई है।
आखिर क्यों अंधेरे में डूबा झांसी का ये गांव? 2 महीने से बिजली के लिए तरस रहे ग्रामीण
हादसे के बाद बस में सवार कुछ यात्रियों ने चालक पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। यात्रियों का कहना है कि बस अचानक अनियंत्रित हुई और देखते ही देखते सड़क से नीचे उतरकर खाई में पलट गई। हालांकि अभी पुलिस जांच में यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि बस अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह क्या थी। हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या बस में किसी तकनीकी खराबी के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ा, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
Location : Jhansi
Published : 23 August 2026, 1:45 PM IST