Sambhal Bus Accident: एक झपकी और पलट गई यात्रियों से भरी बस… गंगा एक्सप्रेसवे पर मची चीख-पुकार; दो की मौत

संभल में गंगा एक्सप्रेसवे पर बहराइच से जालंधर जा रही डबल डेकर बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 26 July 2026, 10:19 AM IST

Sambhal: संभल में उत्तर प्रदेश के गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। बहजोई कोतवाली क्षेत्र के लहरावन इंटरचेंज के पास बहराइच से पंजाब के जालंधर जा रही यात्रियों से भरी सेमी डीलक्स डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक यात्री घायल हो गए।

एक झपकी बनी हादसे की वजह!

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को नींद की झपकी आ गई थी। इसी कारण बस पर उसका नियंत्रण बिगड़ गया। तेज रफ्तार बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस के अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग बस में ही फंस गए।

रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर निकाले गए यात्री

Sambhal Bus Accident की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को हायर सेंटर रेफर किया गया।

सीएमओ ने की दो मौतों की पुष्टि

संभल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक ने हादसे में दो यात्रियों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

रातों-रात बिछा दी सड़ी-गली सामग्री! उमा नगर में RCC सड़क का काला सच उजागर, जानिए गिट्टी की जगह क्या इस्तेमाल हुआ?

कुछ देर बाधित रहा यातायात

Sambhal Bus Accident के बाद गंगा एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को हटाकर मार्ग को फिर से चालू कराया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।

Kargil Vijay Diwas: टाइगर हिल से विजय तक… कारगिल युद्ध के वो सच जो हर भारतीय को जानने चाहिए

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में चालक को नींद आने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच के बाद ही अंतिम रिपोर्ट जारी करेगी।

Location :  Sambhal

Published :  26 July 2026, 10:19 AM IST