बाइक पर बिठाकर ले गया जंगल… फिर सरिये से वार कर ले ली जान, सहारनपुर हत्याकांड का खुला खौफनाक राज

सहारनपुर में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला के पड़ोसी ने प्रेम संबंध, पैसों की मांग और दूसरे व्यक्ति से कथित नजदीकी को लेकर उसकी हत्या की। आरोपी महिला को बहाने से जंगल में ले गया और वारदात को अंजाम देने के बाद शव नाले में फेंक दिया।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 24 August 2026, 11:06 AM IST
google-preferred

Saharanpur: सहारनपुर के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में 14 अगस्त को एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। महिला की पहचान इमराना के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या के मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के पड़ोसी शमशाद जोगी को संदिग्ध पाया। पुलिस ने उसे 22 अगस्त को हरौड़ा कट के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की।

नौकरी पर छोड़ने और लाने के दौरान बढ़ी नजदीकी

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, इमराना छुटमलपुर स्थित एक दवा कंपनी में काम करती थी। शमशाद उसके पड़ोस में रहता था और अक्सर बाइक से उसे नौकरी पर छोड़ने और वापस घर लाने जाता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी और करीब सात से आठ महीने तक उनके बीच प्रेम संबंध रहे। पुलिस के मुताबिक, बाद में दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

यह भी पढ़ें: Saharanpur: मस्जिद के कमरे में मुतवल्ली का मिला शव… नाक से खून, सिर पर चोट, हत्या या हादसा? 

बेटी की शादी के लिए पैसे मांगने की बात

पुलिस के अनुसार, इमराना की बेटी आफरीन की शादी की बात चल रही थी। बताया गया कि इमराना शमशाद से शादी के लिए आर्थिक मदद मांग रही थी। शमशाद इसके लिए तैयार नहीं था। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ।

इसके अलावा शमशाद को इमराना के केसर उर्फ केशव नाम के एक अन्य व्यक्ति से कथित संबंध होने की जानकारी थी। पुलिस का कहना है कि वह इमराना पर केशव से दूरी बनाने का दबाव डाल रहा था। लगातार विवाद के बाद उसने हत्या की योजना बना ली।

जंगल में ले जाकर वारदात को दिया अंजाम

पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त की शाम शमशाद इमराना को कंपनी से लेने पहुंचा। आरोप है कि उसने पहले ही हत्या की तैयारी कर रखी थी। उसने अपना मोबाइल घर पर छोड़ दिया और बाइक में भी बदलाव किया, ताकि उसकी पहचान CCTV फुटेज से आसानी से न हो सके।

इसके बाद वह इमराना को पैसे देने और निजी संबंध बनाने की बात कहकर गागलहेड़ी क्षेत्र के नांगल अहीर गांव के जंगल में ले गया। पुलिस के अनुसार, वहां पहुंचने के बाद उसने इमराना पर हमला कर दिया।

सिर और चेहरे पर किए वार

पुलिस का दावा है कि जंगल में शमशाद ने बाइक में रखा सरिया निकाल लिया। जैसे ही इमराना ने कपड़े उतारने शुरू किए, आरोपी ने उसके सिर और चेहरे पर सरिया से कई वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण इमराना की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को पास के नाले में फेंक दिया। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद उसने महिला का मोबाइल फोन भी सरिया से तोड़ दिया।

सबूत मिटाने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए सबूत मिटाने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, उसने इमराना का टूटा हुआ मोबाइल और हत्या में इस्तेमाल सरिया पास के तालाब में फेंक दिया। आरोपी ने कथित तौर पर हत्या का शक केसर उर्फ केशव पर डालने की भी कोशिश की। पुलिस का कहना है कि इसी वजह से उसने ऐसी जगह चुनी, जो केशव के गांव के आसपास थी।

तलाश करने का करता रहा नाटक

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद शमशाद इमराना के पति के साथ उसकी तलाश करने का दिखावा करता रहा। उसका मकसद परिवार और पुलिस को गुमराह करना था, ताकि किसी को उस पर शक न हो। लेकिन पुलिस ने महिला के आने-जाने वाले रास्तों और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान शमशाद की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। इसके बाद पुलिस का शक उस पर गहराता गया।

यह भी पढ़ें: Saharanpur HIV News: 2500 मरीजों के बीच सामने आया चौंकाने वाला सच, युवाओं के आंकड़े ने बढ़ाई चिंता

पूछताछ के बाद जेल भेजा गया आरोपी

पुलिस ने 22 अगस्त को शमशाद को हरौड़ा कट के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुलिस ने उससे घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई की। कोर्ट में पेश करने के बाद शमशाद को जेल भेज दिया गया।

Location :  Saharanpur

Published :  24 August 2026, 11:02 AM IST

Advertisement