गोरखपुर में लूट की अफवाह ने मचाया हड़कंप, निकला बकाया रकम का झगड़ा, जानें पूरा माजरा

गोरखपुर के खजनी की एक मामूली घटना ने पूरे इलाके में हंगामा मचाकर रखा है। पूरी घटना जानने के लिए पढ़ें डाइनामाइट न्यूज़ की ये रिपोर्ट

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 17 June 2025, 12:50 PM IST

गोरखपुर: जनपद के खजनी थाना क्षेत्र के सतुआभार चौराहे पर मंगलवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 112 नंबर पर पांच हजार रुपये की लूट की खबर ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। लूट की सूचना मिलते ही खजनी पुलिस तुरंत हरकत में आई।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार पीआरबी की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। लेकिन जैसे ही जांच गहरी हुई, लूट की कहानी पूरी तरह पलट गई। जो मामला लूट का लग रहा था वो बकाया रकम को लेकर हुआ तीखा विवाद निकला, जो मारपीट तक जा पहुंचा।

ये है असली मामला
सतुआभार का अमित कुमार मद्धेशिया पेशे से हलवाई है, जो मांगलिक आयोजनों में भोजन बनाने का काम करता है। कुछ वर्ष पहले अमित ने धाधुपार में एक मांगलिक कार्यक्रम में खाना बनाया था, लेकिन आयोजकों ने उसकी मेहनत की बकाया रकम देने में टालमटोल शुरू कर दी।

विवाद मारपीट में हुआ तब्दील
मंगलवार रात जब अमित और उसके चचेरे भाई ने चौराहे पर अपनी हक की रकम मांगी तो बात बिगड़ गई। आयोजकों और उनके साथियों ने न सिर्फ अमित को जवाब दिया, बल्कि गुस्से में आकर उसके साथ हाथापाई कर तोड़ फोड़ शुरू कर दी। गहमागहमी के बीच किसी ने घबराहट में 112 पर लूट की सूचना दे दी, जिसने पूरे इलाके में अफवाह का तूफान खड़ा कर दिया।

पुलिस ने खोली पोल
खजनी की SHO अर्चना सिंह ने मामले की तह तक जाने के लिए गहन जांच की। पुलिस की पड़ताल में सारा मामला साफ हो गया कि ये कोई लूट नहीं, बल्कि बकाया रकम को लेकर हुआ झगड़ा था। अमित को थाने बुलाया गया है और पुलिस अब इस मारपीट और अफवाह के पीछे की पूरी कहानी को खंगाल रही है।

एसएचओ ने साफ किया कि मामला लेन-देन का था, जो गलतफहमी के चलते लूट की अफवाह में बदल गया। इस समय सतुआभार में चर्चाओं का बाजार गर्म  है , इस घटना ने सतुआभार गांव में हलचल मचा दी है। गांव में हर गली-नुक्कड़ पर इस झगड़े और अफवाह की चर्चा जोरों पर है।

पुलिस ने अपनाया सख्त रुख
खजनी पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि इस मामले में अगला मोड़ क्या होगा और क्या अमित को उसकी मेहनत की कमाई मिल पाएगी, या ये विवाद और उलझेगा

क्या है सबक?
यह घटना न सिर्फ लेन-देन के विवादों की संवेदनशीलता को उजागर करती है, बल्कि अफवाहों के तेजी से फैलने और हालात को बिगाड़ने की ताकत को भी दिखाती है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सच्चाई सामने लाने की कोशिश ने स्थिति को फिलहाल काबू में कर लिया है, लेकिन सवाल उठता है कि क्या ऐसी घटनाएं भविष्य में भी अफवाहों का रूप लेती रहेंगी? जिससे  वास्तविक घटनाए भी  अफवाह बन जाएगी ।

Location :  Gorakhpur

Published :  17 June 2025, 12:50 PM IST