रुड़की में सन्नाटे को चीर गई चीखें! बाइकों की जोरदार टक्कर में 3 घरों के बुझे चिराग, 6 लहूलुहान

रुड़की के कलियर रोड पर शुक्रवार रात चार बाइकों की भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मृतकों की पहचान अयान, राजू और राजीव के रूप में हुई है। घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि एक घायल को एम्स रेफर किया गया है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 22 August 2026, 1:48 PM IST

Roorkee: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कलियर रोड पर चार बाइकों की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

कलियर रोड पर रात 10:30 बजे हुआ हादसा

अधिकारियों के मुताबिक, हादसा शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे कलियर रोड पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पहले दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हुई। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रही दो अन्य बाइकें भी दुर्घटनाग्रस्त बाइकों और सड़क पर गिरे लोगों से टकरा गई।
हादसा इतना भीषण था कि चारों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

तीन युवकों की मौत

हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मंगलौर निवासी अयान (18), पिरान कलियर निवासी राजू (24) और राजीव (18) के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

Roorkee News: हरियाणा से हरिद्वार जा रही कार सोलानी नदी किनारे फंसी, मचा हड़कंप

छह लोग गंभीर घायल

हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस के जरिए रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। खानजरपुर निवासी आदित्य चंद्र (25) की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज रुड़की सिविल अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही कलियर थाना और सिविल लाइंस पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहली टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। इसी दौरान अन्य बाइकें भी वहां मौजूद लोगों और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों और वाहनों की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Roorkee News: रुड़की के इस कॉलेज में शिक्षकों और कर्मचारियों को नहीं मिली सैलरी; दी ये चेतावनी

इससे पहले डोईवाला में भी हुआ था बड़ा हादसा

उत्तराखंड में इससे पहले 19 अगस्त को डोईवाला में मणिमाई मंदिर के पास पिकअप ट्रक और कार की टक्कर में चार लोगों की मौत हुई थी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। हादसे के बाद पिकअप ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

Location :  Roorkee

Published :  22 August 2026, 1:48 PM IST