
देवरिया में रास्ते का विवाद खत्म (IMG: Dynamite News)
Deoria: देवरिया जिले की बरियारपुर नगर पंचायत में रास्ते को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद आखिरकार सुलझा लिया गया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की पहल पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाकर मामले का निस्तारण कराया गया। इसके बाद विवादित रास्ते पर आरसीसी सड़क का निर्माण भी पूरा करा दिया गया। सड़क बनने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर पंचायत निवासी शिव कुमार यादव ने रास्ते से जुड़ी शिकायत जिलाधिकारी के सामने रखी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों की टीम गठित कर उप जिलाधिकारी सदर को तत्काल प्रकरण का समाधान कराने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश के बाद राजस्व और नगर पंचायत से जुड़े अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। दोनों पक्षों से बातचीत कर रास्ते को लेकर बनी स्थिति को समझा गया और आपसी सहमति से विवाद का समाधान कराया गया।
प्रकरण के निस्तारण के लिए नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौण्डिल्य के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत बरियारपुर और नगर पंचायत अध्यक्ष की मौजूदगी में दोनों पक्षों से बातचीत की गई। जांच और बातचीत के बाद विवाद को समाप्त कराया गया।
अधिकारियों के मुताबिक नगर पंचायत की ओर से सड़क निर्माण के लिए पहले ही टेंडर समेत अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई थीं। लेकिन रास्ते को लेकर विवाद और विरोध के कारण सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा था। बताया गया कि इस मार्ग पर करीब तीन-चार साल पहले खड़ंजा लगाया गया था। वहीं, स्थानीय लोग करीब 15 वर्षों से इस रास्ते का इस्तेमाल आवागमन के लिए करते आ रहे हैं।
मामले की जांच के दौरान जमीन से जुड़े रिकॉर्ड की स्थिति भी देखी गई। जांच में सामने आया कि रकबा संख्या 658 पर यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश है। वहीं, रकबा संख्या 657 गैर-विवादित पाया गया और इस पर यथास्थिति बनाए रखने का कोई आदेश नहीं है। अधिकारियों के अनुसार आरसीसी सड़क का निर्माण रकबा संख्या 657 में कराया गया है। इस स्थिति के स्पष्ट होने के बाद सड़क निर्माण का काम पूरा कराया गया।
दरवाजे पर चढ़कर मारपीट और आईसीयू में भर्ती बेटा, देवरिया में आरोपियों की धमकियों से दहशत में परिवार
विवाद खत्म होने और सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय नगरवासियों ने खुशी जताई। लंबे समय से इस रास्ते का इस्तेमाल करने वाले लोगों को अब आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क निर्माण पूरा होने से रास्ते की स्थिति बेहतर होगी और आने-जाने में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
Location : Deoria
Published : 11 September 2026, 6:48 PM IST