गांधी उद्यान पहुंचा PWD का रिटायर्ड कर्मचारी, कुछ देर बाद मिली लाश; पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

बरेली के सिविल लाइंस स्थित गांधी उद्यान में PWD के रिटायर्ड बड़े बाबू राम मोहन सिंह का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस को शुरुआती तौर पर जहर खाने की आशंका है, लेकिन मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस पार्क पहुंचने की वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 October 2026, 2:52 PM IST

Bareilly News: सिविल लाइंस स्थित गांधी उद्यान में गुरुवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पार्क के अंदर योग करने वाली जगह के पास एक बुजुर्ग का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। मृतक की पहचान पीडब्ल्यूडी के सेवानिवृत्त कर्मचारी के रूप में हुई है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने जहर खाकर जान दी होगी। हालांकि, मौत की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

पार्क में शव मिलने की सूचना

गांधी उद्यान में शव मिलने की सूचना गुरुवार रात करीब 10 बजे पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही चौकी चौराहा चौकी के इंचार्ज विजय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई। जांच के दौरान शव की तलाशी ली गई तो मृतक की जेब से आधार कार्ड मिला।

Bareilly News: ‘बर्थडे पार्टी’ का नशा और गर्ल्स कॉलेज के बाहर तमाशा: बरेली में दो भाइयों की शर्मनाक करतूत, पुलिस ने किया चालान

जेब में मिले आधार कार्ड से हुई पहचान

पुलिस के मुताबिक, शव की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया, जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जानी है। मृतक के गांधी उद्यान पहुंचने और वहां उनकी मौत होने की खबर से परिवार के लोग भी हैरान हैं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह पार्क में कब पहुंचे थे और वहां आने की वजह क्या थी।

PWD से बड़े बाबू के पद से हुए थे रिटायर

जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे मृतक के बेटे हिमांशु ने बताया कि उनके पिता राम मोहन सिंह लोक निर्माण विभाग यानी PWD में बड़े बाबू के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 2012 में वह सेवानिवृत्त हुए थे। परिजनों के मुताबिक, उनका सामान्य जीवन चल रहा था। बेटे ने बताया कि उनके पिता को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं थी और वह किसी तनाव में भी नहीं थे। ऐसे में अचानक गांधी उद्यान में उनका शव मिलने की घटना ने परिवार को स्तब्ध कर दिया है।

बरेली में प्लाईवुड फैक्ट्री मालिक पर 25 लाख हड़पने और मारपीट का केस दर्ज, लकड़ी सप्लायर ने खोले बड़े राज

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि राम मोहन सिंह की मौत किस वजह से हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, अचानक हुई इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

Location :  Bareilly

Published :  2 October 2026, 2:52 PM IST