प्रेमिका नहीं मिली तो प्रेमी ने उठाया खौफनाक कदम! सोनभद्र की घटना से दहशत

सोनभद्र के चोपन क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर हुए विवाद ने सनसनी फैला दी है। युवती के परिवार ने युवक पर घर में आग लगाने और गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने आगजनी की घटना से इनकार करते हुए मारपीट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो की भी जांच की जा रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 30 May 2026, 2:35 PM IST

Sonbhadra: सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक और नाबालिग युवती के बीच विवाद के बाद हालात इतने बिगड़ गए कि युवक पर प्रेमिका और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लग गया। परिजनों का दावा है कि युवक हथियार लेकर युवती के घर पहुंचा, उसे खोजा और न मिलने पर घर में आग लगा दी। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल एक ऑडियो में कथित तौर पर युवक प्रेमिका और उसके पिता को गोली मारने की बात करता सुनाई दे रहा है।

लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे दोनों

मामला सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र स्थित कोटा ग्राम पंचायत का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार नाबालिग युवती और कोन थाना क्षेत्र निवासी दीपक पिछले कुछ समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद संबंधों में तनाव बढ़ गया। परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद युवक लगातार युवती की तलाश कर रहा था और उसे धमकियां भी दे रहा था।

शादी का सपना दिखाकर बनाया रिश्ता, फिर मुकर गया युवक! सोनभद्र में हुआ बड़ा खुलासा

घर पहुंचकर दी गोली मारने की धमकी

परिवार के लोगों का आरोप है कि दीपक युवती की तलाश में उसके घर पहुंच गया। वहां मौजूद दादा रामविचार से उसने युवती के बारे में पूछताछ की और उसे सामने लाने की मांग की। परिजनों का कहना है कि युवक हथियार लेकर आया था और बातचीत के दौरान उसने युवती को न लाने पर गोली मारने की धमकी भी दी।

घर में आग लगाने का आरोप

परिवार ने आरोप लगाया है कि युवती के घर पर मौजूद न होने से नाराज युवक ने कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर कच्चे मकान में आग लगा दी। आग लगने से घर में रखा सामान, कपड़े, नकदी, अनाज और महत्वपूर्ण दस्तावेज जल गए। युवती की बहन का कहना है कि घटना के समय परिवार के अधिकांश सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। उनके मुताबिक युवक प्रेमिका की तलाश में आया था और घर में आग लगाकर चला गया।

वायरल ऑडियो ने बढ़ाई सनसनी

मामले में एक कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में एक युवक किसी व्यक्ति से बातचीत करते हुए कथित तौर पर युवती का पता बताने के बदले 10 से 15 हजार रुपये देने की बात करता सुनाई दे रहा है। ऑडियो में युवक कथित रूप से यह भी कह रहा है कि उसने 45 हजार रुपये में 9 एमएम पिस्टल खरीदी है और वह युवती तथा उसके पिता को गोली मार देगा। हालांकि इस वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इसकी सत्यता की जांच अभी बाकी है।

सोनभद्र : तालाब बना 7 साल के बच्चे की मौत की वजह, आखिर ऐसा क्या हुआ

पुलिस का दावा

दूसरी ओर पुलिस का पक्ष इससे अलग है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) रणधीर मिश्रा के अनुसार चोपन थाना क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत देकर बताया कि उसकी बेटी और दीपक के बीच लिव-इन रिलेशनशिप थी, लेकिन अब दोनों के बीच विवाद हो गया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपी घर पहुंचा था और मारपीट की घटना सामने आई है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि घर में आग लगाने की बात को उन्होंने पूरी तरह असत्य बताया है।

आरोपी के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस के अनुसार प्राप्त शिकायत के आधार पर चोपन थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Sonbhadra

Published :  30 May 2026, 2:35 PM IST