सड़क से स्टेशन तक हंगामा! रायबरेली में एक दिन में तीन बवाल, वायरल वीडियो ने खड़े किए कई सवाल

रायबरेली में एक ही दिन सामने आई तीन अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को हैरान कर दिया। कहीं ट्रक चालक सड़क पर लेटकर हंगामा करता दिखा, तो कहीं रेलवे स्टेशन के बाहर मारपीट का वीडियो वायरल हो गया।

Reabareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में शनिवार को अलग-अलग जगहों पर तीन घटनाएं हुईं। सड़क पर ट्रक चालक का हंगामा, रेलवे स्टेशन के बाहर मारपीट और पेट्रोल पंप पर युवक के साथ हुई पिटाई के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन घटनाओं के बाद जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

चालान के बाद सड़क पर लेट गया ट्रक चालक

पहली घटना डलमऊ थाना क्षेत्र के मुराई बाग चौराहे की बताई जा रही है। यहां एक ट्रक चालक सड़क पर लेटकर विरोध करता नजर आया। चालक ने अपना नाम लवकुश यादव बताया और आरोप लगाया कि पुलिस उसका गलत चालान कर रही थी। वहीं डलमऊ थाना प्रभारी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि चालक गलत तरीके से वाहन चला रहा था, जिसके चलते उसका चालान किया गया। पुलिस के अनुसार चालान के बाद चालक ने चौराहे पर हंगामा किया, लेकिन कुछ देर बाद वह ट्रक लेकर वहां से चला गया।

ये भी पढ़ें- लखनऊ में फिर बदला स्कूलों का समय, अब इस नई टाइमिंग पर खुलेंगे स्कूल; BSA ने जारी किया आदेश

रेलवे स्टेशन के बाहर मारपीट का वीडियो वायरल

दूसरी घटना शहर के रेलवे स्टेशन के बाहर हुई, जहां रिक्शा चालकों के बीच सवारी बैठाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और लात-घूंसे चलने लगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ यात्रियों के साथ भी हाथापाई हुई, जिससे रेलवे फुटओवर ब्रिज के पास अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरपीएफ और जीआरपी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

पेट्रोल पंप पर युवक से मारपीट

तीसरी घटना ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप की है। यहां पेट्रोल भरवाने पहुंचे एक युवक के साथ कुछ लोगों ने कथित तौर पर मारपीट की। पूरी घटना पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पीड़ित का कहना है कि वह सामान्य रूप से पेट्रोल भरवा रहा था, तभी कुछ लोगों ने बिना किसी कारण उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

ये भी पढ़ें- बदायूं के निजी स्कूल में चपरासी की रहस्यमय मौत, संदिग्ध परिस्थितियों ने खड़े किए गंभीर सवाल

तीनों मामलों में पुलिस जांच जारी

रायबरेली पुलिस का कहना है कि तीनों घटनाओं की अलग-अलग जांच की जा रही है। जहां जरूरत होगी, वहां कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो के आधार पर भी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।

Location :  Raebareli

Published :  18 July 2026, 5:13 PM IST

Related News

Advertisement