“हैलो! मैं बहुत मासूम हूं, लेकिन मेरे सामने पापा ने मम्मी के साथ…” बिहार का यह हत्याकांड पुलिस के लिए बना चुनौती

बिहार के पूर्णिया जिले में मासूमों के सामने बैंककर्मी पति ने शिक्षिका पत्नी के सीने में उतारी गोलियां। डस्टबिन से मिला खोखा, चीख-पुकार के बीच आरोपी पति फरार, जानिये क्या है पूरा मामला आखिर पति ने क्यों उठाया ये खौफनाक कदम?

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 10 August 2026, 4:10 PM IST

Purnea: बिहार के पूर्णिया जिले से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। केहाट थाना क्षेत्र के रेणु नगर स्थित एक किराए के मकान में रविवार की देर रात घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। बैंककर्मी पति ने अपने ही मासूम बच्चों की आंखों के सामने पत्नी जो कि एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका थीं- के सीने में गोली उतार दी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

मासूमों के सामने गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला घर

रविवार की रात करीब 8:30 बजे रेणु नगर स्थित मकान में सब कुछ सामान्य लग रहा था, तभी शिक्षिका शालिनी कुमारी (36 वर्ष) और उनके पति राजकुमार यादव के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि हैवान बने पति ने बंदूक निकाल ली और पत्नी के सीने को छलनी कर दिया। सबसे खौफनाक पहलू यह है कि यह खूनी संघर्ष और जघन्य हत्याकांड मृतका के 4 और 9 साल के दोनों मासूम बेटों के ठीक सामने अंजाम दिया गया। गोलियों की आवाज से पूरा घर दहल उठा और बच्चों की चीख-पुकार से सन्नाटा पसर गया।

बृजमनगंज हत्याकांड में बड़ा अपडेट: मछली कारोबारी की गला रेतकर बेरहमी से हत्या मामले में पुलिस ने तीन को दबोचा, बढ़ी हलचल

डस्टबिन से मिला खोखा, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर आरोपी पति राजकुमार यादव मौके से फरार हो गया। इधर, खौफ के साए में जी रहे बड़े बेटे ने हिम्मत जुटाकर अपने मामा गौरीशंकर को फोन पर इस खौफनाक वारदात की जानकारी दी कि 'पापा ने मम्मी को गोली मार दी है।' जब परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे, तो शिक्षिका को खून से लथपथ जमीन पर गिरा पाया। मासूम बेटे ने ही सूझबूझ दिखाते हुए घर के डस्टबिन से गोली का खाली खोखा निकालकर परिजनों को सौंपा। आनन-फानन में लहूलुहान शिक्षिका को जीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Jharkhand Protest: पूछताछ से खुल सकते हैं बड़े राज! JPSC की पूर्व सदस्य अजीता भट्टाचार्य से CID करेगी सवाल-जवाब

11 साल का सफर और अचानक मौत का खौफनाक अंत

मूल रूप से अररिया जिले के रानीगंज थाना अंतर्गत विशनपुर गांव की रहने वाली शालिनी कुमारी श्रीनगर प्रखंड के एक प्लस टू स्कूल में शिक्षिका के पद पर तैनात थीं। परिवार के मुताबिक, उनकी शादी साल 2014 में हुई थी और पिछले 11 सालों से सब कुछ ठीक चल रहा था। कभी दोनों के बीच ऐसा कोई गंभीर विवाद सामने नहीं आया था, जिसके चलते इस खौफनाक कत्ल की बात पर हर कोई सन्न है। केहाट थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और सबूत जुटाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है और उसे जल्द ही शिकंजे में ले लिया जाएगा।

Location :  Purnea

Published :  10 August 2026, 4:09 PM IST