Punjab Police Action: जग्गू भगवानपुरिया गैंग का आरोपी अमृत दालम मोल्दोवा से भारत लाया गया, 21 मामलों में था वांछित

पंजाब पुलिस ने जग्गू भगवानपुरिया गैंग के कुख्यात आरोपी अमृत दालम उर्फ अमृतपाल सिंह को मोल्दोवा से भारत लाने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ हत्या, यूएपीए और वसूली समेत 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 12 September 2026, 10:26 AM IST

चंडीगढ़: पंजाब सरकार की गैंगस्टरों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े कुख्यात आरोपी अमृत दालम उर्फ अमृतपाल सिंह को मोल्दोवा से भारत लाया गया है। पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से लंबे ऑपरेशन के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर वापस लाने में सफलता हासिल की।

‘ऑपरेशन ईस्टर्न रीच’ के तहत हुई कार्रवाई

पंजाब पुलिस की ओफ्टेक टीम ने केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर करीब छह महीने तक चले ‘ऑपरेशन ईस्टर्न रीच’ के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक अमृत दालम अक्टूबर 2024 में फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत से फरार होकर विदेश भाग गया था।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था। इसके बाद मोल्दोवा के ओटाकी बॉर्डर क्रॉसिंग पर उसे हिरासत में लिया गया।

चार सदस्यीय टीम आरोपी को लेकर पहुंची भारत

पंजाब पुलिस की चार सदस्यीय टीम ने 11 सितंबर को मोल्दोवा एयरपोर्ट पर अमृत दालम को अपनी कस्टडी में लिया और उसे भारत लेकर पहुंची। अब पुलिस आरोपी से विदेश में उसकी गतिविधियों, गैंग के संपर्कों और आपराधिक नेटवर्क को लेकर पूछताछ करेगी।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि विदेश में रहते हुए आरोपी किन लोगों के संपर्क में था और क्या वह भारत में किसी आपराधिक गतिविधि को संचालित कर रहा था।

हत्या से लेकर वसूली तक के 21 मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार अमृत दालम के खिलाफ पंजाब में हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, यूएपीए और जबरन वसूली समेत कुल 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह जग्गू भगवानपुरिया गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है।

पंजाब पुलिस का कहना है कि विदेश भाग चुके गैंगस्टरों और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अमृत दालम की भारत वापसी को गैंगस्टर नेटवर्क पर बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है।

Location :  Chandigarh

Published :  12 September 2026, 10:26 AM IST