सावधान! यूट्यूब और टेलीग्राम देखते हैं? प्रयागराज के इस शातिर ने 9 राज्यों के लोगों को ऐसे कंगाल बना दिया

प्रयागराज में पंजीकृत मोबाइल नंबर से दिल्ली समेत 9 राज्यों में साइबर ठगी का खुलासा हुआ है। यूट्यूब पर ई-कॉमर्स और टेलीग्राम पर पार्ट-टाइम जॉब का झांसा देकर लोगों से ठगी की गई। जानें पूरा मामला।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 July 2026, 5:02 PM IST

Prayagraj:  प्रयागराज में पंजीकृत मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर दिल्ली समेत देश के नौ राज्यों में साइबर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। जालसाज यूट्यूब पर ई-कॉमर्स बिजनेस शुरू कराने और टेलीग्राम के जरिए पार्ट-टाइम जॉब (रेटिंग स्कैम) का झांसा देकर लोगों से रुपये ऐंठ रहे थे। मामले का खुलासा गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की जांच के दौरान हुआ। साइबर पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यूट्यूब चैनल के जरिए ई-कॉमर्स बिजनेस के नाम पर ठगी

साइबर थाने में तैनात उपनिरीक्षक बृजेश चौरसिया के अनुसार, संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच में पता चला कि उस नंबर से आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान और झारखंड समेत कई राज्यों से कुल आठ साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।

जांच में सामने आया कि 'अवधेश ई-कॉमर्स' नाम से यूट्यूब चैनल चलाया जा रहा था, जहां ई-कॉमर्स बिजनेस और अधिक कमाई के नाम पर वीडियो अपलोड किए जाते थे। वीडियो में दिए गए मोबाइल नंबरों के जरिए लोगों से पैकिंग मटेरियल, पार्सल सेवा और ऑनलाइन बिजनेस शुरू कराने के नाम पर पैसे लेकर ठगी की जाती थी।

टेलीग्राम पर पार्ट-टाइम जॉब का झांसा

एक अन्य मामले में उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव की जांच के दौरान एक मोबाइल नंबर पर उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पश्चिम बंगाल से तीन शिकायतें मिलीं। जांच में पता चला कि नंबर कोरांव क्षेत्र के बेलहट निवासी लाल साहब सिंह के नाम पर पंजीकृत है। इस नंबर से जुड़े यूको बैंक खाते के खिलाफ भी छत्तीसगढ़ से साइबर ठगी की शिकायत दर्ज मिली है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी टेलीग्राम पर आसान पार्ट-टाइम जॉब और रेटिंग टास्क के नाम पर लोगों को फंसाकर उनसे पैसे ट्रांसफर कराते थे।

साइबर पुलिस की अपील

साइबर पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन कमाई के झूठे दावों से सावधान रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी प्लेटफॉर्म पर निवेश या भुगतान करने से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच जरूर करें।

साइबर ठगी से बचने के लिए अपनाएं ये सावधानियां

  1. यूट्यूब या टेलीग्राम पर दिखाई जाने वाली आसान कमाई की स्कीमों पर तुरंत भरोसा न करें।
  2. किसी भी कंपनी, मोबाइल नंबर या बैंक खाते की जांच किए बिना पैसे ट्रांसफर न करें।
  3. साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

Location :  Prayagraj

Published :  7 July 2026, 5:02 PM IST