
पुलिस चौकी के बगल खड़ी छात्रा से सरेआम छेड़खानी (Img: Dynamite News)
Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बेखौफ बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें खाकी का भी खौफ नहीं रह गया है। जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के व्यस्ततम भंगवा चुंगी चौराहे पर पुलिस चौकी के ठीक बगल में खड़ी एक छात्रा से बाइक सवार दो मनचलों ने सरेआम छेड़खानी की। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पीड़ित छात्रा सोमवार शाम चौराहे पर खड़ी थी, तभी बाइक पर सवार होकर आए दो मनचले उसके पास पहुंच गए। दोनों युवक बाइक से छात्रा के इर्द-गिर्द चक्कर लगाने लगे और देखते ही देखते उन्होंने छात्रा के साथ सरेआम अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। मनचलों की इस करतूत से घबराई छात्रा ने हिम्मत दिखाई और खुद को बचाते हुए तुरंत बगल में स्थित भंगवा चुंगी पुलिस चौकी के भीतर जा घुसी। छात्रा को पुलिस चौकी की तरफ भागता देख दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें- 40 साल तक की सेवा, फिर भी पेंशन का इंतजार! देवघर में बुजुर्ग कर्मचारियों की बढ़ी परेशानी
भंगवाचुंगी पुलिस चौकी पहुंचकर पीड़ित छात्रा ने पुलिसकर्मियों को आपबीती सुनाई। व्यस्त चौराहे और पुलिस चौकी के सामने हुई इस वारदात के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस ने तुरंत मौके के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें इस घटना की पूरी वारदात कैद मिली है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर हुलये और बाइक नंबर के जरिए दोनों मनबढ़ शोहदों की शिनाख्त करने में जुटी है।
स्थानीय लोगों में पुलिस की मुस्तैदी को लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अभी कुछ दिन पूर्व ही प्रतापगढ़ बाईपास स्थित मेडिकल कॉलेज के पास भी कॉलेज से घर लौट रही एक छात्रा के साथ एक शोहदे ने जबरदस्ती करने की कोशिश की थी। उस दौरान छात्रा के शोर मचाने पर दौड़े लोगों के कारण वह मारपीट कर भाग निकला था, जिसे बाद में पुलिस ने सागर शर्मा नामक आरोपी के रूप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
शहर कोतवाल सुभाष कुमार यादव के अनुसार, छात्रा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। भंगवा चुंगी चौकी पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। आरोपियों की पहचान लगभग साफ हो चुकी है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
Location : Pratapgarh
Published : 12 October 2026, 7:33 PM IST