
शिक्षक, बच्चे और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी पहुंचे (Source: Dynamite News)
Pratapgarh: प्रतापगढ़ के ऐतिहासिक शहीद उद्यान पार्क में बुधवार को भाजपा की ओर से आयोजित ‘सेवा संकल्प कार्यशाला’ का भव्य समापन हुआ। इस मौके पर ‘ज्योति कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं के साथ शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुएं और स्कूली बच्चे भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, सदर विधायक राजेंद्र मौर्य और नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विशाल विक्रम सिंह समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर की। दो सप्ताह से चल रही ‘सेवा संकल्प कार्यशाला’ के समापन पर बड़ी संख्या में लोग शहीद उद्यान पहुंचे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन रहा। पीएम मोदी ने कार्यक्रम में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और लोगों को संबोधित करते हुए देश के विकास और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सशक्त बनाना है।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ (Source: Dynamite News)
प्रधानमंत्री ने भारत की मौजूदा वैश्विक स्थिति और मजबूत होती अर्थव्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और बेहतर नीतियों के जरिए भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से इस संकल्प को पूरा करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
ज्योति कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के अलावा विभिन्न वर्गों की भागीदारी रही। परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, आशा बहुएं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। नगर के अलग-अलग स्कूलों से बच्चे भी पहुंचे और प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
कार्यक्रम के दौरान शहीद उद्यान में देशभक्ति और विकास से जुड़े नारे सुनाई दिए। भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और विकसित भारत के लक्ष्य में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
Location : Pratapgarh
Published : 7 October 2026, 1:36 PM IST