
धान के खेत में पड़ा मिला रहस्यमयी ड्रोन (Source: Pinterest)
Pratapgarh: प्रतापगढ़ के फतनपुर थाना क्षेत्र के कोठरा गांव में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान के धान के खेत में रहस्यमयी परिस्थितियों में आधुनिक ड्रोन पड़ा मिला। खेत में अनजान ड्रोन मिलने की खबर कुछ ही देर में आसपास के इलाकों में फैल गई। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, कोठरा गांव निवासी किसान शरद मिश्र शुक्रवार शाम अपने धान के खेत में उर्वरक डालने के लिए गए थे। इसी दौरान खेत के बीच उनकी नजर जमीन पर पड़े एक ड्रोन पर पड़ी।
सुनसान खेत में अचानक ड्रोन पड़ा देखकर किसान हैरान रह गए। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। इसके बाद मामले की सूचना फतनपुर थाना पुलिस को दी गई।
ग्रामीण इलाके के बीच धान के खेत में ड्रोन मिलने के बाद लोगों के बीच इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। ग्रामीण यह जानने को लेकर उत्सुक रहे कि आखिर यह ड्रोन किसका है और खेत तक कैसे पहुंचा।
कुछ लोगों ने इसे लेकर सुरक्षा से जुड़े सवाल भी उठाए, हालांकि ड्रोन के खेत में पहुंचने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल बिना जांच के इसके इस्तेमाल या उद्देश्य को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना संभव नहीं है।
Made-in-India का डंका: जापान में मारुति सुजुकी ने बेचीं 1 लाख से ज्यादा कारें, रचा नया इतिहास
ड्रोन मिलने की सूचना के बाद फतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ड्रोन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रोन किसका है और इसे कहां से उड़ाया गया था।
फतनपुर थाने के प्रभारी एसओ असलम खान ने बताया कि कोठरा गांव के एक खेत में ड्रोन पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया और ड्रोन को कब्जे में लिया गया है।
पुलिस अब ड्रोन से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। उसके मालिक और खेत तक पहुंचने की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल घटना को लेकर ग्रामीणों में कौतूहल बना हुआ है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ड्रोन वहां कैसे पहुंचा और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया था।
Location : Pratapgarh
Published : 19 September 2026, 12:25 PM IST