बलिया गोलीकांड को लेकर गरमाया चर्चाओं का बाजार, चार हिरासत में; जानिये ये बड़ा अपडेट

बलिया के भुवाल छपरा गांव में सुबह-सुबह गोली चलने की घटना से सनसनी फैल गई। एक व्यक्ति घायल हुआ है, जबकि चार आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जमीन विवाद के चलते हुई इस घटना को पुलिस संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 17 March 2026, 3:05 PM IST

Ballia: सुबह का वक्त, गांव में सन्नाटा और तभी अचानक चली गोली… बलिया के गंगा पार एक छोटे से गांव में मंगलवार की सुबह ऐसा घटनाक्रम हुआ जिसने पूरे इलाके में डर और शक का माहौल पैदा कर दिया। मामला सिर्फ गोली चलने का नहीं है, बल्कि इसके पीछे जमीन विवाद, पुरानी रंजिश और साजिश की आशंका भी जुड़ गई है। घायल शख्स ने सीधे नाम लेकर आरोप लगाए हैं, जबकि गांव के लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग कहानियां सुना रहे हैं। पुलिस ने भी इसे सीधा मामला मानने के बजाय संदिग्ध मानते हुए जांच तेज कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

पूरा मामला बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र का है, जहां गंगा नदी के उस पार स्थित भुवाल छपरा गांव में मंगलवार सुबह करीब 5:55 बजे गोली चलने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि 52 वर्षीय अशोक ठाकुर को गोली लगी है। गोली उनके बाएं हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया गया।

बलिया की बड़ी मुठभेड़: किशोर की निर्मम हत्या का आरोपी गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

नामजद आरोप, चार लोग हिरासत में

घायल के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में कृष्ण ठाकुर समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

घर के बाहर आकर चलाई गई गोली

घायल अशोक ठाकुर का कहना है कि वह सुबह भोर में अपने मवेशियों के लिए भूसा निकाल रहे थे। तभी घूरन ठाकुर, बबलू ठाकुर, कृष्ण ठाकुर और अमरनाथ पांडेय उनके दरवाजे पर पहुंचे और अचानक फायरिंग कर दी।

ग्रामीणों की अलग कहानी

जहां एक तरफ घायल सीधे आरोप लगा रहा है, वहीं गांव के कई लोग इस घटना को लेकर संदेह जता रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, अशोक ठाकुर और घूरन ठाकुर के बीच पिछले करीब दो साल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। बताया जाता है कि अशोक ठाकुर अपने पाटीदारों की जमीन पर कब्जा कर खेती कर रहे थे, जिसे लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। सोमवार को भी खेत काटने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी।

IIT गुवाहाटी से पढ़ी बलिया की मोनिका ने बढ़ाया जिले का मान, UPSC में हासिल की 16वीं रैंक, जानिये उनकी कहानी

हर एंगल से जांच जारी

इस पूरे मामले पर क्षेत्राधिकारी बैरिया फहीम ने कहा कि चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है और पुलिस हर पहलू से इसकी जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वाकई गोली चलाई गई थी या फिर इसके पीछे कोई और कहानी है।

Location : 
  • Ballia

Published : 
  • 17 March 2026, 3:05 PM IST