
मौके पर पुलिस और ग्रामीण
Aligarh: अलीगढ़ जिले के मडराक थाना क्षेत्र में रविवार सुबह दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर 9 महिलाओं से सोने के कुंडल और पायजेब लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस गश्त पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, मडराक थाना क्षेत्र के गांव भकरौला की करीब 10 महिलाएं रविवार सुबह लगभग साढ़े 10 बजे गांव के पास खेत में चारा काट रही थीं। इसी दौरान काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे।
एक बदमाश ने चेहरा नकाब से ढका हुआ था, जबकि दूसरा हेलमेट लगाए था। पहले उन्होंने महिलाओं से गांव का नाम पूछा और फिर अचानक तमंचा निकालकर उन्हें धमकाने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही कुछ महिलाएं सिर पर चारे की गठरी लेकर जाने लगीं, बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए गठरी नीचे गिरवा दी और सभी महिलाओं को वहीं बैठ जाने को कहा।
बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देते हुए एक महिला की कनपटी पर तमंचा तक रख दिया। इसके बाद उन्होंने महिलाओं के कानों से सोने के कुंडल और पैरों से पायजेब उतरवा लिए।
बदमाशों ने गुड़िया पत्नी रघुराज, सुनीता पत्नी राजकुमार, दिनेशा पत्नी लालाराम, कुंती पत्नी योगेंद्र, प्रेमलता पत्नी बंटी, रेखा पत्नी जसवंत, कमलेश पत्नी संदेश, कमलेश पत्नी दऊआ और पूनम पत्नी नारायण समेत 9 महिलाओं को निशाना बनाया।
लूटपाट के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद महिलाएं गांव पहुंचीं और शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार पांडेय पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
Location : Aligarh
Published : 17 May 2026, 2:14 PM IST