
SSB-NDRF ने संभाला मोर्चा (IMG: Dynamite News)
Maharajganj News: महराजगंज के निचलौल क्षेत्र में सोमवार को टेल फॉल नहर में उस समय हड़कंप मच गया, जब मछली पकड़ने गए एक युवक के लापता होने की सूचना मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक पानी में उतरा था और इसी दौरान मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि मगरमच्छ युवक को पानी के गहरे हिस्से की ओर खींच ले गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम पहुंची, जिसके बाद एसएसबी और एनडीआरएफ को भी तलाश अभियान में लगाया गया। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
लापता युवक की पहचान निचलौल क्षेत्र के गेडहवा गांव निवासी छांगुर उर्फ छविलाल (36) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार को छांगुर अपने भाई झन्नू, पड़ोसी उमेश और कुछ अन्य लोगों के साथ नाव से टेल फॉल नहर में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान छांगुर नाव से पानी में उतरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पानी में उतरने के कुछ ही देर बाद एक मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया। लोगों का दावा है कि मगरमच्छ उन्हें खींचकर नहर के गहरे पानी की तरफ ले गया।
घटना के बाद साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को जानकारी दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण नहर के पास पहुंच गए। युवक के लापता होने की सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वनकर्मियों और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू कराई। नहर की गहराई और पानी के बहाव को देखते हुए अभियान में दिक्कतें सामने आईं। बाद में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसबी और एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया।
वन विभाग, पुलिस, एसएसबी और एनडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने ग्रामीणों की मदद से नहर में लापता युवक की तलाश शुरू की। टीमों ने संभावित स्थानों पर पानी के भीतर और नहर के आसपास खोजबीन की। हालांकि, देर शाम तक छांगुर का कोई पता नहीं चल सका। नहर की गहराई और पानी की परिस्थितियों के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी सावधानी के साथ अभियान चलाना पड़ा। परिजन और ग्रामीण भी नहर के आसपास मौजूद रहे और युवक के मिलने का इंतजार करते रहे।
छांगुर के अचानक लापता होने की खबर से उसके परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी माया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग लगातार नहर के आसपास मौजूद रहे। छांगुर की बेटियां प्रीति (8), सलोनी (6), संगीता (3) और दो वर्षीय बेटा प्रियांशु भी पिता के लौटने का इंतजार कर रहे हैं। घटना के बाद गेडहवा गांव में भी मातम जैसा माहौल है। ग्रामीणों की भीड़ नहर के आसपास जमा रही और हर कोई युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए रहा।
क्या पता था कि कोल्हुई से वापसी की यह रात बनेगी जिंदगी का आखिरी सफर? महराजगंज में बड़ा हादसा
घटना के बाद नहर क्षेत्र में मगरमच्छ की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई है। हालांकि, वन विभाग ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि युवक की गुमशुदगी मगरमच्छ के हमले के कारण ही हुई है। निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और वनकर्मियों की टीम मौके पर मौजूद है।
थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और लापता युवक की तलाश कराई जा रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि छांगुर के साथ नहर में वास्तव में क्या हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मगरमच्छ के हमले के दावे और युवक के लापता होने की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तलाश अभियान जारी है।
Location : Maharajganj
Published : 5 October 2026, 1:31 PM IST
Topics : Crocodile attack Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) maharajganj police Tail Fall Canal Uttar Pradesh News