
गयास पाशा को यूपी एटीएस ने किया गुिरफ्तार
Rampur: रामपुर जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित ताश का मझरा गांव निवासी गयास पाशा को सोमवार देर रात आतंकवाद विरोधी दस्ता (ATS) ने गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के मुताबिक एटीएस की टीम पिछले कई दिनों से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।
बताया जा रहा है कि गयास पाशा पेशे से एयर कंडीशनर मैकेनिक है और दिल्ली में रहकर काम करता था। जांच एजेंसियों को उसके सोशल मीडिया और ऑनलाइन गतिविधियों पर संदेह हुआ था, जिसके बाद निगरानी बढ़ाई गई।
खुफिया एजेंसियों के अनुसार गयास पाशा का संपर्क पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से था। शहजाद भट्टी को पाकिस्तान का कुख्यात अपराधी माना जाता है, जो दुबई से अपना अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क संचालित करता है।
सूत्रों का दावा है कि वह आईएसआई के इशारे पर भारत में हथियार और ड्रग्स तस्करी समेत कई गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल रहा है। उस पर टारगेट किलिंग और सीमा पार से अवैध गतिविधियों को संचालित करने के भी आरोप लगते रहे हैं।
इससे पहले एटीएस ने बाराबंकी और कुशीनगर से भी दो युवकों को हिरासत में लिया था। जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर ही एजेंसी रामपुर के गयास पाशा तक पहुंची।
बताया जा रहा है कि इंटरनेट मीडिया के जरिए इन युवकों के पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद एटीएस ने कार्रवाई तेज करते हुए सोमवार रात रामपुर में दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया।
रामपुर पुलिस के अधिकारियों ने मामले में फिलहाल ज्यादा जानकारी देने से इनकार किया है। सोमेंद्र मीना ने बताया कि एटीएस द्वारा आतंकी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में एक युवक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की सूचना मिली है। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
फिलहाल एटीएस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके संपर्कों तथा डिजिटल गतिविधियों की जांच की जा रही है।
Location : Rampur
Published : 14 May 2026, 4:22 PM IST