आस्था कुंज गैंगरेप केस में बड़ा खुलासा, पुलिसकर्मी बनकर पहुंचे थे आरोपी, पिस्टल और चाकू दिखाकर दरिंदगी

दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने साकेत कोर्ट में 400 से अधिक पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। आरोपपत्र में 55 से अधिक गवाहों के बयान, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और फॉरेंसिक साक्ष्यों का उल्लेख किया गया है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 14 November 2026, 12:17 PM IST

South Delhi: दक्षिणी दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को साकेत कोर्ट में आरोपपत्र दाखिल कर दिया। 400 से अधिक पन्नों के आरोपपत्र में वारदात से पहले और उसके दौरान तीनों आरोपियों की भूमिका का विस्तार से उल्लेख किया गया है। आरोपपत्र के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले खुद को पुलिसकर्मी बताया था। उन्होंने किशोरी और उसके दोस्त को डराया, दोस्त को थप्पड़ मारे और दोनों के मोबाइल फोन छीन लिए थे।

पुलिस ने आरोपपत्र में 55 से अधिक गवाहों के बयान शामिल किए हैं। इनमें पीड़िता और उसका दोस्त भी शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों की मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और घटनास्थल से जुटाए गए जैविक साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

जन्मदिन पर मंदिर दर्शन के बाद पार्क पहुंची थी किशोरी

आरोपपत्र के मुताबिक, घटना वाले दिन किशोरी का जन्मदिन था। वह अपने दोस्त के साथ शाम करीब 5:45 बजे कालकाजी मंदिर पहुंची थी। दोनों ने मंदिर में दर्शन किए, जो शाम करीब सात बजे तक चले। इसके बाद उन्होंने बाहर से चिप्स और पानी की बोतल खरीदी और आस्था कुंज पार्क पहुंच गए।

किशोरी ने अपने बयान में बताया कि दोनों कुछ देर बैठने के लिए पार्क में एक बेंच पर पहुंचे थे। इसी दौरान तीनों आरोपी पीछे से आए और उसके दोस्त को पकड़कर पीटने लगे। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि यहां आना मना है। इसके बाद उन्होंने दोनों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए।

पिस्टल और चाकू दिखाकर सुनसान हिस्से में ले गए आरोपी

किशोरी के बयान के मुताबिक, दो आरोपियों ने उसे पास की झाड़ियों की ओर चलने के लिए कहा। वह डर गई और आरोपियों से अपनी मां से बात कराने की गुहार लगाने लगी। इसी दौरान आसिफ ने अपनी कमर से काली पिस्टल निकालकर उसे दिखाई और फिर वापस रख ली। इसके बाद आरोपी चाकू दिखाकर उसे पार्क के अंधेरे और सुनसान हिस्से की ओर ले गए।

आरोपपत्र में कहा गया है कि आसिफ ने दूसरे आरोपी को निगरानी करने के लिए कहा और किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने किशोरी की गर्दन पर चाकू लगाकर उसे धमकाया। आरोपपत्र के अनुसार, बाद में अन्य आरोपियों ने भी चाकू से धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

तीनों आरोपियों के खिलाफ दाखिल हुआ आरोपपत्र

दिल्ली पुलिस ने आसिफ, हेमंत और मुकेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2) के तहत सामूहिक दुष्कर्म, धारा 61(2) के तहत आपराधिक साजिश, धारा 115(2) के तहत स्वेच्छा से चोट पहुंचाने और धारा 351(3) के तहत आपराधिक धमकी देने के आरोपों में आरोपपत्र दाखिल किया है। इसके अलावा आरोपियों के खिलाफ पोक्सो अधिनियम की धारा 6 और 17 भी लगाई गई हैं।

आरोपपत्र में पीड़िता के बयान, गवाहों के कथन और तकनीकी व फॉरेंसिक साक्ष्यों को शामिल किया गया है। अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई अदालत में होगी।

Location :  New Delhi

Published :  14 November 2026, 12:15 PM IST