मेलों की भीड़ में चलता था ‘जेबकतरों का खानदान’… पुलिस ने ऐसे खोला पूरा राज़!

मुजफ्फरनगर पुलिस ने जेबकतरी और चोरी करने वाले एक संगठित पारिवारिक गैंग का पर्दाफाश करते हुए 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गैंग कई धार्मिक मेलों में वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 May 2026, 12:08 PM IST

Muzaffarnagar : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में पुलिस ने एक ऐसे संगठित जेबकतरी गैंग का भंडाफोड़ किया है, जो कई पीढ़ियों से चोरी और जेब काटने की घटनाओं को अंजाम देता आ रहा था। इस गैंग को ‘खानदान गैंग’ के रूप में संचालित किया जा रहा था, जिसमें पिता, दो बेटे और रिश्तेदार शामिल थे।

धार्मिक मेलों में बनाते थे निशाना

यह गैंग हरिद्वार, नासिक, प्रयागराज, गढ़मुक्तेश्वर और शुक्रताल जैसे बड़े धार्मिक मेलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को अपना निशाना बनाता था। भीड़ में लोगों को डिस्टर्ब कर जेब काटना और तुरंत चोरी किए गए सामान को आगे पास कर देना इनकी खास रणनीति थी।

शुक्रताल मेले की साजिश के दौरान गिरफ्तारी

नई मंडी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि गैंग के सदस्य शुक्रताल में होने वाले गंगा स्नान मेले में वारदात की योजना बना रहे हैं। इसी आधार पर मंगलवार को कुकड़ी गांव के ग्राउंड में बने खंडहर से पुलिस ने छापा मारकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में अमित, रॉकी, सोनी, मोनू, सोमवीर और धर्मपाल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि गैंग का मुखिया धर्मपाल है, जो अपने दो बेटों के साथ मिलकर पूरे नेटवर्क को संचालित करता था।

हथियार और वाहन बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 चाकू और दो मोटरसाइकिल (प्लैटिना और सीडी डीलक्स) बरामद की हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गैंग बड़े मेलों में संगठित तरीके से जेब काटने और चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

पुलिस की जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गैंग में और कितने लोग शामिल हैं और अब तक किन-किन मेलों में कितनी वारदातें की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

हमीरपुर में आधी रात का खौफनाक हादसा, चलते ट्रक ने खड़े डंपर को मारी टक्कर… फिर बना आग का गोला!

एसएसपी का बयान

एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने बताया कि यह एक संगठित गैंग है जो मेलों में भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरी करता था। पुलिस ने समय रहते साजिश को नाकाम कर दिया है और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  27 May 2026, 12:08 PM IST