
विधवा महिला का ज़मीन का मामला (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के जिले मुजफ्फरनगर में एक विधवा महिला की शिकायत ने जमीन से जुड़े विवाद को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला का आरोप है कि जिस दामाद पर उसने भरोसा कर जमीन की खरीद-बिक्री की प्रक्रिया सौंपी थी, उसी ने कथित तौर पर दस्तावेजों में हेरफेर कर उसकी करीब 10 बीघा कृषि भूमि और ट्यूबवैल अपने नाम करा लिया। अब महिला ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई और जमीन वापस दिलाने की मांग की है।
मामला शामली जनपद के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के मुंडेट कलां गांव की रहने वाली बाला का है। महिला के पति का निधन हो चुका है। बाला के मुताबिक, उसने 16 मई 2024 को बुढ़ाना थाना क्षेत्र के मंदवाड़ा गांव में यामीन पुत्र वकील से करीब 10 बीघा कृषि भूमि खरीदी थी।
महिला का कहना है कि वह पढ़ी-लिखी नहीं है, इसलिए उसने जमीन की रजिस्ट्री और अन्य कानूनी प्रक्रिया की जिम्मेदारी अपने दामाद राहुल कुमार को सौंप दी थी। राहुल कुमार बुढ़ाना तहसील में मुंशी का काम करता है। महिला के अनुसार, उसे उम्मीद थी कि दामाद पूरी प्रक्रिया सही तरीके से पूरी कराएगा।
ये भी पढ़ें: Muzaffarnagar News: घर लौट रहे किसान की गोली मारकर हत्या, आरोपियों की तलाश में 3 पुलिस टीमें गठित
पीड़िता का आरोप है कि जमीन के बैनामे से संबंधित दस्तावेज तैयार कराने के दौरान राहुल कुमार ने उससे अलग-अलग कागजात पर अंगूठे लगवा लिए। महिला का दावा है कि इसी दौरान कथित धोखाधड़ी करते हुए उसी तारीख को कृषि भूमि का एक हिबानामा यानी दान-पत्र भी उसके नाम तैयार करा लिया गया। महिला का आरोप है कि उसे इस दस्तावेज की जानकारी नहीं दी गई थी। बाद में कथित तौर पर राजस्व अभिलेखों में भी जमीन राहुल कुमार के नाम दर्ज करा दी गई। महिला का कहना है कि उसे इस बात की जानकारी बाद में हुई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जमीन वापस मांगने और कानूनी कार्रवाई की बात करने पर उसे धमकाया जा रहा है। महिला का कहना है कि आरोपी की ओर से उसे और उसके दोनों बेटों को जान से मारने की धमकी दी गई है।
मामले को लेकर महिला काफी परेशान नजर आई। मीडिया से बातचीत के दौरान वह कैमरे के सामने अपनी बात बताते हुए भावुक होकर रो पड़ी। उसने अधिकारियों से मामले की जांच कर न्याय दिलाने की अपील की।
पीड़िता के भांजे शिवम ने मीडिया को बताया कि उनकी मौसी बाला के दामाद ने कथित तौर पर बुढ़ाना थाना क्षेत्र के मंदवाड़ा गांव की 10 बीघा जमीन अपने नाम करा ली है। शिवम के अनुसार, जमीन वापस मांगने पर धमकी दी जा रही है। इसी शिकायत को लेकर परिवार एसएसपी कार्यालय पहुंचा और मामले में कार्रवाई की मांग की।
ये भी पढ़ें: Muzaffarnagar: हरैटी हत्याकांड की कार्रवाई पर उठे सवाल, परिजनों ने SSP से लगाई गुहार
पीड़ित महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उसने आरोपी राहुल कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, जालसाजी और धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। महिला ने पुलिस से दस्तावेजों और राजस्व अभिलेखों की जांच कराने के साथ अपनी करीब 10 बीघा कृषि भूमि और ट्यूबवैल वापस दिलाने की भी गुहार लगाई है। फिलहाल मामले में महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 28 September 2026, 7:55 PM IST