हिंदी
72 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद (Source: Dynamite News)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने माल रोड पर चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल और इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक, कलीम और जुनैद के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से स्पास्मोविल कंपनी के 72 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए। इनमें 48 हजार भूरे रंग और 24 हजार नीले रंग के कैप्सूल शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस ने एविल कंपनी के 50 और पैंटासिल कंपनी के 499 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। इस तरह कुल 549 नशीले इंजेक्शन पुलिस के हाथ लगे हैं।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की बलेनो कार भी बरामद की है। पुलिस प्रेस नोट के अनुसार बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो मामले में एक और कड़ी सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपियों का संपर्क हापुड़ निवासी एक व्यक्ति से व्हाट्सऐप के जरिए था। पुलिस अब इस व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।
आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि मेडिकल स्टोर से डॉक्टर के पर्चे के बिना इन दवाओं की बिक्री नहीं होती थी। इसके बाद कथित तौर पर इन्हें ब्लैक में खरीदकर नशा करने वाले युवकों को ऊंचे दामों पर सप्लाई किया जाता था।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है। हापुड़ निवासी व्यक्ति की तलाश भी की जा रही है, जिसका कनेक्शन पूछताछ में सामने आया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हुए हैं और नशीली दवाओं की सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मुजफ्फरनगर पुलिस करीब एक से सवा साल से ऑपरेशन सवेरा के तहत नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर अभियान चला रही है। एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की टीमें लगातार इंटेलिजेंस जुटाकर नशे के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं।
एसएसपी के मुताबिक मुजफ्फरनगर पुलिस अब तक चार मामलों में नशीले कैप्सूल के अवैध कारोबार के खिलाफ करीब एक करोड़ रुपये की कार्रवाई कर चुकी है। इस मामले में भी बड़ी मात्रा में नशीले कैप्सूल और इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
Nainital: जेल परिसर में बड़ी साजिश का खुलासा, वारदात से पहले पुलिस ने ऐसे रोका प्लान
पुलिस की इस कार्रवाई पर एसएसपी ने थाना सिविल लाइन पुलिस टीम के सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है। उन्होंने टीम को 20 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 27 August 2026, 7:52 AM IST