
आरोपी को लेकर जाती पुलिस (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर के बुढाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। मोबाइल टावरों से महंगे उपकरण चोरी करने वाले गिरोह का मुख्य सदस्य पुलिस से बचने के लिए अमरूद के बाग में छिपा बैठा था, लेकिन मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस ने उसे घेर लिया। खुद को चारों तरफ से घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश की पहचान मेरठ के लिसाड़ी गेट निवासी इरफान के रूप में हुई है, जिस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि मोबाइल टावरों से उपकरण चोरी करने वाला आरोपी विज्ञाना गांव के पास आम और अमरूद के बाग में छिपा हुआ है। इसके बाद बुढाना पुलिस और चौकी इंचार्ज की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें इरफान घायल हो गया। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढाना में भर्ती कराया गया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल टावरों से चोरी किए गए आरआरयू उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद उपकरणों की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। जांच में सामने आया है कि आरोपी मेरठ और मुजफ्फरनगर के कई मोबाइल टावरों पर चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पहले से आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
सीओ बुढाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। वह मोबाइल टावरों से महंगे उपकरण चोरी करने वाले गैंग का सक्रिय सदस्य है। मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई, जिसके बाद मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 19 May 2026, 11:39 AM IST