मोदीनगर में इंसानियत शर्मसार, पौधे से फूल क्या तोड़े, पड़ोसियों ने परिवार को सरियों और लाठियों से धोया

मोदीनगर के भोजपुर थाना क्षेत्र के नंगौला अमीपुर गांव में पड़ोसी के घर से फूल तोड़ने पर उपजा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दबंगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों और सरियों से हमलात किया। इस घटना में एक ही परिवार के 7 लोग घायल हो गए। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 June 2026, 3:28 PM IST

Modinagar: मोदीनगर इलाके के भोजपुर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले नंगोला अमीपुर गांव में एक मामूली घटना अचानक हिंसक हो गई। पड़ोसी के घर से फूल तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद जल्द ही मारपीट और हमले में बदल गया। इस घटना में एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए, जिनमें दो साल की एक बच्ची भी शामिल थी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दूसरे अस्पताल रेफर करना पड़ा।

बच्ची को डांटने से बढ़ा तनाव

परिजनों के अनुसार शुक्रवार दोपहर एक बच्ची खेलते-खेलते पड़ोस के घर पहुंच गई और वहां लगे पौधे से फूल तोड़ लिया। इस बात पर पड़ोसी पक्ष नाराज हो गया। आरोप है कि बच्ची के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे वह रोते हुए घर लौट आई। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिवार की महिलाएं पड़ोसी के घर गईं और इस मामले पर आपत्ति जताई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई।

Modinagar: बुर्के में आई महिला ने व्यक्ति को खूब पीटा, जब हटा नकाब तो सामने आया जीजा-साली वाला मामला

घर में घुसकर हमला करने का आरोप

विवाद बढ़ने के बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के कई लोग लाठी-डंडे, सरिया और अन्य हथियारों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने विरोधी पक्ष के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की। परिवार के सदस्यों पर हमला किए जाने से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग भी घटनास्थल पर जमा हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहा-सुनी इतनी बढ़ गई कि मौके पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा। बाद में पुलिस ने दखल दिया और स्थिति को काबू में किया।

गाजियाबाद: स्पीड ब्रेकर से उछलकर 50 फीट तक घिसटा बाइक सवार, खाना लेने निकले युवक की दर्दनाक मौत

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने भोजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस सतर्कता भी बढ़ा दी गई है।

Location :  modinagar

Published :  13 June 2026, 3:28 PM IST