Chandauli Crime News: हाईवे पर चाय पीना पड़ा महंगा, कार का शीशा तोड़ 20 हजार कैश, मोबाइल और बैग लेकर फरार हुए बदमाश

चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र में एनएच-19 स्थित आराध्या रेस्टोरेंट के बाहर दिनदहाड़े उचक्कों ने बिहार के एक परिवार की कार का शीशा तोड़कर 20 हजार रुपये नकद, मोबाइल और अन्य सामान से भरे दो बैग चोरी कर लिए। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 August 2026, 6:33 PM IST

Chandauli: राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने हाईवे पर सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिहार से विंध्याचल धाम दर्शन के लिए निकला एक परिवार चाय-नाश्ते के लिए कुछ देर रुका, लेकिन जब वापस लौटा तो कार का शीशा टूटा मिला और अंदर रखा नकदी, मोबाइल व अन्य जरूरी सामान से भरा बैग गायब था। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में हुई और बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

चाय-नाश्ते के दौरान बदमाशों ने किया हाथ साफ

जानकारी के मुताबिक, बिहार निवासी एक परिवार विंध्याचल धाम दर्शन के लिए जा रहा था। रास्ते में सैयदराजा थाना क्षेत्र के एनएच-19 स्थित आराध्या रेस्टोरेंट पर परिवार चाय-नाश्ता करने के लिए रुका। परिवार ने अपनी कार रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी कर दी और अंदर चला गया। इसी दौरान उचक्कों ने सुनसान पल का फायदा उठाया और कार का शीशा तोड़कर अंदर रखे दो बैग लेकर फरार हो गए।

’15 हजार दो, तब मिलेंगे 30 हजार…’ चंदौली में पारिवारिक लाभ योजना में भयंकर गड़बड़ी, योजना के नाम पर खेल

बैग में थे नकदी, मोबाइल और जरूरी सामान

पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी हुए बैग में करीब 20 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और यात्रा से जुड़े अन्य जरूरी सामान रखे हुए थे। जब परिवार वापस कार के पास पहुंचा तो शीशा टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी तत्काल सैयदराजा पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

CCTV में कैद हुए संदिग्ध

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें दो संदिग्ध युवक वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिए। फुटेज में एक बाइक सवार भी नजर आया है, जिसके बदमाशों का साथी होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

मौत को छूकर वापस आया युवक; चंदौली के राजदरी जलप्रपात के तेज बहाव में बहा, यहां पढ़ें पूरी खबर

हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

एनएच-19 जैसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने हाईवे पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ ही मिनटों में बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए, जिससे यात्रियों में भी चिंता का माहौल है।

Location :  Chandauli

Published :  6 August 2026, 6:33 PM IST