
ट्रक की रफ्तार ने उजाड़ दिया परिवार (Img: AI)
Mirzapur: मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोचिंग से घर लौट रहे 14 वर्षीय छात्र की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, विंध्याचल थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी अशोक बिंद का 14 वर्षीय पुत्र जसवंत बिंद शनिवार सुबह साइकिल से कोचिंग पढ़ने विंध्याचल गया था। कोचिंग समाप्त होने के बाद वह साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अष्टभुजा मंदिर मार्ग गेट के सामने हाईवे पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया।
हादसा इतना भीषण था कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
छात्र की मौत से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने हाईवे पर जाम लगाकर विरोध जताया। सूचना मिलने पर विंध्याचल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने यातायात सुचारु कराने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Mirzapur
Published : 27 June 2026, 1:41 PM IST