
बारिश के बाद और बढ़ जाती है परेशानी (Source: Dynamite News)
Mirzapur: जिले के लालगंज क्षेत्र के रेही ग्रामसभा के मुख्य मार्ग की बदहाल तस्वीरें इन दिनों ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश होने के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती, जिससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य दिनों में भी सड़क पर बने गड्ढों से आवागमन प्रभावित होता है, लेकिन बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। पानी भर जाने के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में बाइक और साइकिल सवारों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी संभलकर गुजरना पड़ता है।
ग्रामीणों के मुताबिक इसी मार्ग पर पुलिया का निर्माण ग्राम प्रधान कुसुम दूबे पत्नी संतोष कुमार दूबे तथा ग्राम प्रधान पद पर कार्य कर रहे अमरेश दूबे के कार्यकाल में कराया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया के आसपास भी सड़क की स्थिति ठीक नहीं है। सड़क और पुलिया के आसपास बने गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Weather Update: पहले बारिश ने मचाई हलचल, अब यूपी में बदलने वाला है मौसम का मिजाज; 18 जिलों में अलर्ट
बताया गया कि इसी मार्ग के किनारे राशन खाद्यान्न भंडार भी स्थित है। यहां ग्रामीणों का लगातार आना-जाना रहता है। ऐसे में मुख्य मार्ग की खराब स्थिति लोगों की परेशानी को और बढ़ा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जरूरी सामान लेने या अन्य काम से आने-जाने वाले लोगों को सड़क के गड्ढों से होकर गुजरना पड़ता है।
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान, संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही पुलिया और उसके आसपास हुए निर्माण कार्य की भी जांच कराने की मांग उठाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और पुलिया निर्माण में इस्तेमाल हुई सामग्री तथा कार्य की गुणवत्ता की जांच होने से वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।
9 घंटे पूछताछ, फिर कोर्ट की शरण! पूर्व IAS आशीष जोशी ने FIR कॉपी के लिए लगाई याचिका
फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें संबंधित अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी हैं। ग्रामीण चाहते हैं कि सड़क के गड्ढों को जल्द भरवाकर मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए। उनका कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो बारिश के दौरान किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग ग्रामीणों की शिकायत पर कब तक कार्रवाई करता है।
Location : Mirzapur
Published : 8 September 2026, 10:05 AM IST