हिंदी
पूर्व IAS आशीष जोशी
नई दिल्ली: पूर्व IAS अधिकारी आशीष जोशी ने अपने खिलाफ दिल्ली पुलिस की ओर से दर्ज FIR की कॉपी हासिल करने के लिए पटियाला हाउस कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने अदालत में याचिका दाखिल कर FIR की प्रति उपलब्ध कराने की मांग की है। मामले पर मंगलवार को ड्यूटी कोर्ट में सुनवाई होने की संभावना है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आशीष जोशी से 2 सितंबर को करीब नौ घंटे तक पूछताछ की थी। यह कार्रवाई उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों से जुड़े एक मामले में की गई थी। पुलिस के मुताबिक, FIR पूछताछ से दो दिन पहले दर्ज की गई थी।
पूछताछ के बाद पुलिस ने उनका बयान दर्ज किया और उन्हें जाने दिया गया।
जानकारी के अनुसार, आशीष जोशी को सुबह की सैर के दौरान पुलिस टीम अपने साथ लेकर गई थी। इसके बाद उन्हें दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट के कार्यालय ले जाया गया, जहां उनसे मामले से जुड़े सवाल पूछे गए।
अब आशीष जोशी ने कानूनी प्रक्रिया के तहत FIR की प्रति प्राप्त करने के लिए अदालत में याचिका दायर की है। कोर्ट में सुनवाई के बाद इस मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Location : New Delhi
Published : 8 September 2026, 9:48 AM IST